Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि यह सरकार मुख्यालय से नहीं, बल्कि राज्य के सुदूर गांवों से चल रही है. स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यह बात कहकर राज्य में हो रहे बड़े बदलाव का संकेत दिया. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की सोच बिल्कुल स्पष्ट है, हर व्यक्ति का विकास और हर व्यक्ति की भागीदारी. सरकार की नजर और आवाज गांव के अंतिम पायदान में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही है. हर व्यक्ति सरकार के साथ जुड़ रहा है. आज उसी का परिणाम है कि लोग तेजी से मुख्यधारा में जुड़ रहे हैं.

शहीदों के सपनों का झारखंड
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय दुर्गा सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्षों को याद किया. उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य का निर्माण ऐसे ही कर्मठ युवाओं और आंदोलनकारियों की शहादत व लंबे संघर्ष की बदौलत हुआ है. सीएम ने अंत में दृढ़ता से कहा कि अपने महान नेताओं पर पूरे राज्य को गर्व है और उनके दिखाएं रास्ते पर चलकर ही एक सशक्त और भयमुक्त झारखंड का निर्माण हो रहा है. हमें अपने नेताओं पर गर्व है. इनके मार्गदर्शन और संघर्ष की बदौलत मंजिल पाई. अलग राज्य बना. उन सभी लोगों की शहादत और संघर्ष की बदौलत ये राज्य है. हम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं.
