Kodrema। जिला के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सतडीहा पंचायत के ग्राम नवादा में गुरुवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई. मृतिका की पहचान 23 वर्षीय कोशिला कुमारी, पति अजीत यादव के रूप में की गयी है. घटना के बाद मायके पक्ष ने हत्या का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाए हैं. जानकारी के अनुसार कोशिला कुमारी की शादी 28 मई 2025 को हिंदू रीति रिवाज के साथ नवादा गांव में हुई थी. मृतिका के भाई कुलदीप यादव ने बताया कि शादी के समय 8.5 लाख रुपये दहेज तय हुआ था. जिसमें 1.5 लाख रुपये बकाया था. उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में 85 हजार रुपये देने के बावजूद उनकी बहन को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था.
परिजनों के अनुसार गुरुवार सुबह मृतिका के मोबाईल से किसी युवक का फोन आया और कहा गया कि आपकी बहन की मौत हो गई है.

जब घटना के कारण की जानकारी लेने की कोशिश की गई तो कॉल काट दिया गया और मोबाईल बंद आने लगा. इसके बाद जब मायके वाले ससुराल पहुंचे तो देखा कि घर के बरामदे में खटिया पर शव पड़ा हुआ था. घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार बताएं जा रहे हैं. मृतिका के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि कोशिला कुमारी की गला दबाकर हत्या की गई है. परिजनों का कहना है कि मृतिका के गले पर निशान बने हुए थे. जिससे प्रथम दृष्टया गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. मृतिका का दो माह का एक बच्चा भी है. घटना की सूचना मिलते ही जयनगर थाना के एसआई प्रतीत टोपनो एवं एसआई केडी प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
ALSO READ : झारखंड में आसमान से बरस रही आग, पारा 43.4 डिग्री सेल्सियस पार, उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में लू का टॉर्चर
