Palamu:पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकार के क्षेत्र में अपनी अनूठी पहचान बना चुके ‘वन राखी मूवमेंट’ के प्रणेता व ट्री मैन डॉ. कौशल किशोर जायसवाल और उनकी धर्मपत्नी सह डाली पंचायत की मुखिया पूनम जायसवाल ने एक बार फिर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की है. छत्तरपुर प्रखंड से 25 किलोमीटर और डाल्टनगंज से 25 किलोमीटर दूर स्थित सुदूर पाटादोहर गांव में बुधवार की रात इस दंपत्ति ने पर्यावरण धर्म निभाते हुए स्वर्गीय सुकुल सिंह की अनाथ पुत्री परती कुमारी की धूमधाम से शादी कराई और माता-पिता का फर्ज निभाते हुए खुद उसका कन्यादान किया. यह डॉ. कौशल किशोर जायसवाल और मुखिया पूनम जायसवाल के जीवन का 22वां अनाथ कन्यादान थी, जिसे संपन्न कराकर उन्होंने सेवा का एक बड़ा संकल्प पूरा किया.

दहेज और आशीर्वाद में दिए गए पौधे
विवाह समारोह के दौरान डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने नवदंपत्ति वर अर्जुन सिंह और वधू परती कुमारी को बर्तन, वस्त्र और घरेलू सामान देने के साथ-साथ आशीर्वाद के रूप में अमरूद और कपूर के पौधे सौंपे. इसके अलावा उन्होंने समधी कईल सिंह सहित आए हुए सभी बारातियों को भी दहेज और सम्मान के रूप में पौधे भेंट किए. इस मौके पर डॉ. कौशल ने कहा कि किसी गरीब और असहाय की सेवा करना ही ईश्वर की सच्ची पूजा है. उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज और पर्यावरण के प्रति समर्पित कर दिया है. इसी सोच के तहत उनके पुत्र और छत्तरपुर पूर्वी के जिला पार्षद अमित कुमार जायसवाल भी अपने क्षेत्र की 10 पंचायतों में किसी भी जरूरतमंद बेटी की शादी में चावल और आर्थिक सहायता निरंतर पहुंचाते रहते हैं.
एक तरफ बेटी की विदाई, दूसरी तरफ घायलों को दी मदद
डाली पंचायत की मुखिया पूनम जायसवाल ने भावुक होते हुए कहा कि अनाथ कन्या की शादी कराने से बड़ा और पुण्य का कोई कार्य नहीं हो सकता. उन्होंने क्षेत्र में हुई दो अनहोनी घटनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि बुधवार को ही डाली पंचायत के इमामुद्दीन अंसारी पेड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनके इलाज के लिए मेदिनीनगर के डॉक्टर अरुण शुक्ला के अस्पताल में ₹5100 की त्वरित आर्थिक सहायता दी गई. वहीं दूसरी ओर, उषा देवी नामक महिला के आग से झुलस जाने के कारण उनके पुत्र व जिला पार्षद अमित कुमार जायसवाल खुद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची लेकर रवाना हुए, जिस वजह से वे इस विवाह समारोह में शामिल नहीं हो सके. मुखिया पूनम जायसवाल ने इस पर खेद भी प्रकट किया.
समारोह में शामिल हुए गणमान्य लोग
इस भावुक और गरिमामयी विवाह समारोह के अवसर पर वधू परती कुमारी की चाची शंभू कुंवर के अलावा अदरु सिंह, बिना कुमारी, बिला देवी, फूला देवी, सुधीर सिंह, मुन्ना सिंह, चनारिक सिंह, राजकुमार सिंह, भोला सिंह, महेंद्र सिंह, अरुण सिंह, विनय सिंह और सुमित कुमार सहित भारी संख्या में स्थानीय महिला और पुरुष उपस्थित थे, जिन्होंने नवविवाहित जोड़े को उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद दिया.
AlsoRead:रांची विश्वविद्यालय के कुलपति के खिलाफ कार्रवाई की मांग, ACS ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
