Saraikela: जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत चालियामा गांव की इंटर कला संकाय की जिला टॉपर अनामिका गोराई को गुरुवार को “जन सेवा ही लक्ष्य” के संस्थापक एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो ने सम्मानित किया. इस दौरान उन्होंने अनामिका को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उसकी आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की.

87.4 प्रतिशत अंक लाकर बनी जिला टॉपर
अनामिका गोराई ने इंटर आर्ट्स परीक्षा में 500 में से 437 अंक यानी 87.4 प्रतिशत प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है. वह शिवानंद विद्यापीठ प्लस टू उच्च विद्यालय, चालियामा की छात्रा है. उसके पिता अनिरुद्ध गोराई ग्रामीण चिकित्सक हैं, जबकि माता अंजू गोराई गृहिणी हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद अनामिका ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर यह सफलता हासिल की है.
बेटियां बदल रही हैं गांव की तस्वीर
चालियामा गांव पहुंचे हरे लाल महतो ने अनामिका और उसके परिवार से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र काफी पिछड़ा माना जाता है, लेकिन यहां की बेटियां अपनी प्रतिभा, मेहनत और जज्बे से न सिर्फ अपना, बल्कि पूरे जिले और समाज का नाम रोशन कर रही हैं. अनामिका की सफलता उन हजारों बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो संसाधनों के अभाव में भी बड़े सपने देखती हैं.
ग्रामीण प्रतिभाओं को सहयोग देने की बात
हरे लाल महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच और सहयोग मिले तो वे हर क्षेत्र में परचम लहरा सकती हैं. उन्होंने अनामिका को स्नातक और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया.
IAS बनने का है सपना
सम्मान पाकर भावुक अनामिका ने कहा कि मैं आगे इतिहास विषय से स्नातक करना चाहती हूं और आईएएस बनकर समाज की सेवा करना मेरा लक्ष्य है. हरे लाल महतो जी द्वारा दिया गया सम्मान और सहयोग मेरे हौसले को और बढ़ाएगा.
परिजनों और ग्रामीणों ने जताई खुशी
अनामिका के माता-पिता ने भी हरे लाल महतो का आभार व्यक्त किया. इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे. सभी ने अनामिका की उपलब्धि पर खुशी जताई और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
