Saraikela: जिला उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले में आगामी जनगणना कार्य के सफल, सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं. इसी क्रम में जिले के सभी चार्ज पदाधिकारियों के बीच आधिकारिक जनगणना किट का वितरण किया गया.

चार्ज स्तर पर उपलब्ध कराई गई किट
चार्ज स्तर पर उपलब्ध कराई गई किट को संबंधित चार्ज पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षकों (सुपरवाइजर्स) एवं प्रगणकों (इन्यूमरेटर्स) के बीच आवश्यकतानुसार उपलब्ध कराएंगे, ताकि जनगणना कार्य का संचालन व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जा सके.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई समीक्षा
अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनगणना कार्य की समीक्षा की. समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी चार्ज पदाधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं जीरो टॉलरेंस की भावना के साथ करने का निर्देश दिया.
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की उदासीनता अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक परिवार एवं व्यक्ति से संबंधित आंकड़ों का शत-प्रतिशत सही संकलन सुनिश्चित करना आवश्यक है.
घर-घर जाकर जुटाई जाएगी जानकारी
फील्ड में कार्यरत प्रगणकों को घर-घर जाकर सही एवं अद्यतन जानकारी संग्रहित करने तथा सभी विवरणों को सावधानीपूर्वक दर्ज करने का निर्देश दिया गया. वहीं पर्यवेक्षकों एवं चार्ज पदाधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और आंकड़ों का सतत सत्यापन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई.
समय सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश
सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करें. साथ ही आमजन के साथ समन्वय और शालीन व्यवहार बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा डाटा संबंधी विसंगति पाए जाने पर उसका त्वरित निराकरण करने को कहा गया.
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
मौके पर अपर जिला जनगणना पदाधिकारी श्री कमलेश कुमार दास, जिला समन्वयक श्री अर्जुन राम सहित जनगणना कोषांग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे
