पुलिस लाइन में विदाई सह स्वागत समारोह आयोजित, संदीप सुमन को दी गई भावभीनी विदाई

Chatra: चतरा पुलिस लाइन में गुरुवार देर शाम विदाई सह स्वागत समारोह का भव्य आयोजन किया गया. इस मौके पर निवर्तमान अनुमंडल...

Chatra: चतरा पुलिस लाइन में गुरुवार देर शाम विदाई सह स्वागत समारोह का भव्य आयोजन किया गया. इस मौके पर निवर्तमान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप सुमन को भावभीनी विदाई दी गई, जबकि जिले में योगदान देने वाले नए सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सुनील कुमार सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया गया.

समारोह में जिले के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, पुलिस अवर निरीक्षक, पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद रहे. सभी ने संदीप सुमन को माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा नए अधिकारियों का अभिनंदन किया. कार्यक्रम का संचालन सार्जेंट मेजर सुबोध गुप्ता ने किया.

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सिमरिया एसडीपीओ आईपीएस अधिकारी नागर गोजे शुभम भाऊ साहेब ने कहा कि संदीप सुमन एक कुशल, मिलनसार और सकारात्मक सोच वाले अधिकारी रहे हैं. उन्होंने कहा कि चतरा में योगदान देने के बाद सबसे पहले उनकी मुलाकात संदीप सुमन से हुई थी और उनसे काफी कुछ सीखने का अवसर मिला. उन्होंने कहा कि हर परिस्थिति में संदीप सुमन ने सकारात्मक सहयोग दिया. साथ ही नए अधिकारियों सन्नी वर्धन और सुनील कुमार सिंह को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर समन्वय के साथ पुलिसिंग को मजबूत बनाने की उम्मीद जताई. इस दौरान नए एसडीपीओ और डीएसपी मुख्यालय ने भी अपनी प्राथमिकताएं साझा करते हुए चतरा पुलिस को नई दिशा देने की प्रतिबद्धता दोहराई.

वहीं निवर्तमान एसडीपीओ संदीप सुमन ने अपने संबोधन में कहा कि चतरा में बिताया गया समय उनके जीवन का यादगार अध्याय रहेगा. उन्होंने कहा कि जिले के पुलिस अधिकारियों, जवानों और आम लोगों का उन्हें भरपूर सहयोग मिला, जिसकी बदौलत कई बड़ी उपलब्धियां हासिल हुईं. उन्होंने कहा कि टीमवर्क और आपसी विश्वास के कारण पुलिस को नक्सल गतिविधियों, अफीम तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों में लगातार सफलता मिली.

बेहतर नेतृत्व और समन्वय के लिए सराहे गए संदीप सुमन

सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अवधेश सिंह ने कहा कि संदीप सुमन उम्र में भले छोटे थे, लेकिन उनकी कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता प्रेरणादायक रही. उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी उन्होंने जिस सरलता और दृढ़ता के साथ बेहतर पुलिसिंग का परिचय दिया, वह मिसाल है. उनके कार्यकाल में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ, जिसके कारण नक्सल गतिविधियों, अफीम तस्करी और अन्य अपराधियों के खिलाफ पुलिस को ऐतिहासिक सफलताएं मिलीं.

समारोह के बाद पुलिस लाइन परिसर में अधिकारियों और जवानों के लिए बड़े खाने का आयोजन किया गया. अंत में फूलों से सजी गाड़ी में संदीप सुमन को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई. जानकारी के अनुसार संदीप सुमन का तबादला पलामू जिले के लेस्लीगंज में किया गया है.

कार्यक्रम में हंटरगंज पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार, हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार, वशिष्ठनगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह, प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी, कुंदा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह, सिमरिया थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह, टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा, पुलिस निरीक्षक अनिल उरांव, गिद्धौर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री, राजपुर थाना प्रभारी रुपेश राय, पत्थलगड़ा थाना प्रभारी राकेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार, कुमार गौतम, एसटी-एससी थाना प्रभारी प्रवेश राम, महिला थाना प्रभारी सुषमा कुमारी, पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल यादव और विनय कुमार समेत जिले भर के पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे.

ALSO READ: EXCLUSIVE: आत्मसमर्पण नीति का असर: 2010 से अब तक 360 नक्सलियों ने छोड़ी हिंसा की राह, माओवादियों को सबसे बड़ा झटका

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *