Ranchi: रिम्स के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के डॉक्टरों ने दो जटिल कैंसर ऑपरेशन सफलतापूर्वक कर बड़ी सफलता हासिल की है. दोनों मरीजों की सर्जरी के बाद उनकी हालत अब पहले से बेहतर है और वे तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं. पहला मामला पश्चिम बंगाल के पुरुलिया की 46 वर्षीय महिला का था. उनके लिवर के बाएं हिस्से में बड़ा कैंसर का ट्यूमर था. लंबे समय से उन्हें पेट में दर्द और लिवर बढ़ने की परेशानी थी. जांच के बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर ट्यूमर निकाल दिया. फिलहाल मरीज की हालत सामान्य है और उनकी रिकवरी अच्छी चल रही है.
दूसरा मामला हजारीबाग की 40 वर्षीय महिला का
दूसरा मामला हजारीबाग की 40 वर्षीय महिला का था. उनके बाएं फेफड़े की मुख्य श्वासनली में एक दुर्लभ कैंसर का ट्यूमर था. इसकी वजह से उन्हें लगातार खांसी, खून आना, बुखार, सांस लेने में दिक्कत और वजन कम होने जैसी समस्याएं हो रही थीं. डॉक्टरों ने सफल ऑपरेशन कर ट्यूमर निकाल दिया. मरीज की हालत अब स्थिर है और वह भी तेजी से ठीक हो रही हैं.

दोनों सर्जरी का नेतृत्व विभागाध्यक्ष ने किया
इन दोनों सर्जरी का नेतृत्व सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. अजीत कुशवाहा और डॉ. रोहित झा ने किया. एनेस्थीसिया विभाग की डॉ. दीपाली सहित कई डॉक्टरों की टीम इस ऑपरेशन में शामिल रही. रिम्स के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग ने बताया कि अब यहां सिर और गर्दन, फेफड़े, लिवर, पेट, स्तन, महिला रोग और यूरोलॉजी से जुड़े जटिल कैंसर के ऑपरेशन नियमित रूप से किए जा रहे हैं.
पिछले एक साल में करीब 495 कैंसर मरीजों की सफल सर्जरी की जा चुकी है. इनमें सिर और गर्दन के 180, पेट से जुड़े 87, लिवर के 33, महिला रोग से जुड़े 102, स्तन कैंसर के 66 और यूरो कैंसर के 27 मरीज शामिल हैं. रिम्स का कहना है कि विशेषज्ञ डॉक्टरों और आधुनिक इलाज की सुविधा के कारण संस्थान अब पूर्वी भारत में कैंसर के इलाज का एक बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है.


