Ranchi: श्रावणी मेला को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय सतर्क है. इस मेला को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का पुख्ता इंतजाम किया जा रहा है. इस मेले में कुल 8743 जवानों की तैनाती की गई है. इस संबंध में झारखंड पुलिस मुख्यालय ने आदेश जारी कर दिया है. मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों, बटालियन और प्रशिक्षण संस्थानों से भारी संख्या में पुलिस बल को देवघर भेजा जा रहा है.
25 जुलाई से 31 अगस्त तक संभालेंगे मोर्चा
प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों, लाठी बल और सशस्त्र बलों को 25 जुलाई 2026 की पूर्वाह्न तक हर हाल में देवघर जिला में योगदान देने का निर्देश दिया गया है. यह तैनाती 31 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगी. मेले की सुरक्षा के लिए अलग-अलग श्रेणियों में कुल 5365 पुरुष लाठी बल और 440 महिला लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. इंस्पेक्टर 92, 2018 बैच के दारोगा 28, ASI 730, पुरुष सशस्त्र बल 1110 समेत अन्य कई जवानों की तैनाती की गई है.

राज्य के अलग-अलग जिलों से देवघर जाएंगे जवान
मेले में झारखंड के अलग-अलग जिलों से जवानों को मंगाया गया है. रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, सरायकेला, चाईबासा, पलामू, लातेहार, गढ़वा, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद और साहेबगंज जैसे जिलों से जवानों को मंगाया गया है. इसके अलावा झारखंड पुलिस अकादमी, हजारीबाग के अलावा अन्य जगहों के जवानों को देवघर में तैनात किया जा रहा है.
20 जुलाई तक नाम और मोबाइल नंबर भेजने के निर्देश
SSP जमशेदपुर, धनबाद सहित सभी संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों और समादेष्टा को निर्देश दिया गया है कि वे ड्यूटी पर लगाए सभी जवानों और अधिकारियों की मोबाइल नंबर के साथ 20 जुलाई 2026 तक हर हाल में देवघर पुलिस को उपलब्ध करा दें. ताकि जरूरत पड़ने पर संचार आसानी से किया जा सकता है.


