Lohardaga: जिले में पेट्रोल और डीजल की किल्लत से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. विभिन्न पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं. लोग घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने की सूचना भी सामने आई है. ईंधन संकट का असर आम जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है. दोपहिया, चारपहिया और व्यावसायिक वाहन चालक पेट्रोल-डीजल के लिए एक पंप से दूसरे पंप तक भटकते नजर आए. लंबी कतारों के कारण कई जगह यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई.

रोजमर्रा के कामकाज पर पड़ रहा असर: आम जनता
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल और डीजल की कमी से रोजमर्रा के कामकाज पर असर पड़ रहा है. कई लोग घंटों इंतजार के बाद भी बिना ईंधन लिए लौटने को मजबूर हैं. वहीं, वाहन चालकों में इस बात को लेकर चिंता बढ़ गई है कि यदि जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो परेशानी और बढ़ सकती है.
पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार आपूर्ति बाधित होने के कारण यह स्थिति बनी है. उनका कहना है कि जैसे ही पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध होगा, हालात सामान्य हो जाएंगे. ईंधन संकट का असर परिवहन और छोटे कारोबारियों पर भी पड़ रहा है. ऑटो, टैक्सी और मालवाहक वाहन चालकों ने जल्द समस्या के समाधान की मांग की है. फिलहाल जिले में पेट्रोल-डीजल को लेकर मची अफरा-तफरी से लोगों की चिंता बढ़ी हुई है.
