Saraikela:विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सभी निर्वाची निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, झारखंड, रांची के निर्देश के आलोक में सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत सभी तीन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर आगामी 23.05.2026 (शनिवार) को Un-Mapped Elector List का प्रकाशन किया जाएगा.

क्या है Un-Mapped Elector List?
जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह ने बताया कि मतदाता सूची में ऐसे मतदाता जिनका नाम तो सूची में दर्ज है, परंतु उनका मतदान केंद्र से मैपिंग नहीं हो पाया है, उनकी सूची को Un-Mapped Elector List कहा गया है. ऐसे मतदाता 23 मई को पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर सूची में अपना नाम जांच कर सकते हैं.
BLO रहेंगे उपस्थित
सभी मतदान केंद्रों पर संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) उपस्थित रहेंगे. यदि किसी मतदाता का नाम Un-Mapped सूची में है, तो BLO द्वारा तत्काल उनका भौतिक सत्यापन कर फॉर्म-6/8 भरवाया जाएगा और मतदान केंद्र से मैपिंग की कार्रवाई की जाएगी.
उपायुक्त की अपील
उपायुक्त ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि 23 मई को अपने मतदान केंद्र पर जाकर सूची का अवलोकन अवश्य करें. जिन मतदाताओं का नाम मैपिंग से छूट गया है, वे आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, फोटो पहचान पत्र के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर अपना नाम जुड़वाएं. उन्होंने सभी ERO, AERO और BLO को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे. विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य शत-प्रतिशत शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है.
