सरायकेला: जिले आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मांझी टोला में सोमवार की देर रात वर्चस्व की लड़ाई में ताबड़तोड़ फायरिंग हुई. बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार रांची में बंद कुख्यात अपराधी कृष्णा गोप के शूटर आशीष दीप को निशाना बनाकर विरोधी गुट ने सात राउंड फायरिंग की. इस हमले में आशीष तो बाल-बाल बच गया, लेकिन उसका साथी राजवीर सिंह उर्फ लालू गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया. गौरतलब है,कि सोमवार रात आदित्यपुर मांझी टोला में दो गुटों के बीच आपसी झड़प हुई. विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने हथियार निकाल लिए और आशीष दीप पर लक्ष्य साधते हुए फायरिंग शुरू कर दी. हमलावरों ने एक के बाद एक सात राउंड गोलियां चलाईं.जब आशीष और उसका दोस्त राजवीर सिंह बाइक से भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी एक गोली बाइक चला रहे राजवीर की कमर के निचले हिस्से में जा लगी.घायल अवस्था में ही उसके दोस्त उसे लेकर तत्काल टीएमएच अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों की टीम देर रात तक गोली निकालने के लिए ऑपरेशन में जुटी रही.

जेल की पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह:
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि इस खूनी संघर्ष के तार सरायकेला और होटवार जेल से जुड़े हैं. जेल में रहने के दौरान ही आशीष दीप और राजवीर का अपराधी संजय सरकार के साथ विवाद हुआ था. आरोप है कि जेल में हुई इसी झड़प का बदला लेने के लिए संजय सरकार के बेटे शुभम सरकार और उसके साथियों ने इस हमले की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया. इस घटना में शामिल दोनों पक्षों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. आशीष कुमार दीप 12 जून 2022 को मांझी टोला में जुआ खेलने के विवाद में हुई आकाश गोप की हत्या का मुख्य आरोपी है.उसने जुलाई 2022 में सरेंडर किया था और एक साल पहले ही जेल से बाहर आया है. जबकि राजवीर सिंह दो मई 2021 को आदित्यपुर में हुए चर्चित बाबू गोप हत्याकांड में आरोपी रहा है. वह भी कुछ महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था.

