Giridih: गावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में बेबी केयर किट के लंबे समय तक अनुपयोगी स्थिति में पड़े रहने के मामले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संज्ञान लिया गया है. मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है. जानकारी के अनुसार, नवजात शिशुओं एवं प्रसूता माताओं के लिए उपलब्ध कराई गई बेबी केयर किट अस्पताल के पुराने भवन के दो कमरों में रखी हुई पाई गई थी. निरीक्षण के दौरान कई किट के पैकेट क्षतिग्रस्त मिले, जबकि कुछ सामग्री सीलन और धूल के कारण उपयोग योग्य नहीं रह गई थी.
अधिकांश किट अप्रैल 2024 में ही हो गए थे एक्सपायर
बताया गया कि संस्थागत प्रसव के बाद लाभुकों को वितरित की जाने वाली ये किट लंबे समय से संग्रहित थीं. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि बरामद अधिकांश किट अप्रैल 2024 में ही एक्सपायर हो चुकी थीं. मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा सिविल सर्जन को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया गया. सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह ने बताया कि मामले में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है. उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: सरायकेला: नशा मुक्त झारखंड अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक से लोगों को किया गया जागरूक


