Giridih:जिले में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है. फीडर-3 अंतर्गत बक्सीडीह, भंडारीडीह, शास्त्रीनगर, अलकापुरी, बोड़ो और पचंबा समेत कई इलाकों में पिछले करीब 24 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. भीषण गर्मी के बीच लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है.

बिजली कटौती समस्या लंबे समय से बनी हुई है
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार ट्रिपिंग, लो वोल्टेज और घंटों बिजली कटौती की समस्या लंबे समय से बनी हुई है. बिजली नहीं रहने से पेयजल संकट भी गहरा गया है. घरों में पंखे, कूलर और अन्य जरूरी उपकरण बंद पड़े हैं, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. बिजली संकट को लेकर वार्ड पार्षद संजीव कुमार ने विद्युत आपूर्ति महाप्रबंधक से मुलाकात कर जल्द समाधान की मांग की. उन्होंने कहा कि केवल अस्थायी मरम्मत से समस्या खत्म नहीं होगी, बल्कि पूरे बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की जरूरत है. उन्होंने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं की संख्या और बिजली खपत लगातार बढ़ रही है, लेकिन उसके अनुरूप बिजली व्यवस्था के विस्तार और रखरखाव पर पर्याप्त काम नहीं किया गया.उन्होंने कहा कि पूर्व में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए कई योजनाएं चलाई गई थीं, जिससे पावर ग्रिड और वितरण व्यवस्था मजबूत हुई थी, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में रखरखाव और विस्तार कार्यों में अपेक्षित गति नहीं दिखी.
बिजली विभाग के प्रति लोगों की नाराजगी
इधर, स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है. लोगों ने सरकार और बिजली विभाग से जल्द स्थायी समाधान की मांग करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में लगातार बिजली कटौती से जीवन मुश्किल हो गया है. लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा.
