-
कारा सुरक्षा, बंदियों की सुविधाओं एवं निगरानी व्यवस्था की समीक्षा
Saraikela: जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में कारा सुरक्षा समिति की बैठक हुई. बैठक में मंडल कारा सरायकेला की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की मूलभूत सुविधाएं, स्वास्थ्य सेवाएं, सीसीटीवी निगरानी, जैमर, सायरन सहित अन्य व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई.

बंदियों को मिले मेनू के अनुरूप भोजन: डीसी
उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने जेल अधीक्षक को स्पष्ट निर्देश दिया कि बंदियों को कारा मैनुअल में निर्धारित मेनू के अनुरूप स्वच्छ, पौष्टिक एवं संतुलित भोजन नियमित रूप से उपलब्ध कराएं. शुद्ध पेयजल, मौसम के अनुसार बिस्तर, कपड़े एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाय. साथ ही बंदियों के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर, दवा वितरण एवं आवश्यकता अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों से उपचार की व्यवस्था करने को कहा.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग से संत सुरक्षा के समर्थन में देशव्यापी हुंकार, 25 मई को निकलेगा मौन जुलूस
सुरक्षा में कोई चूक बर्दाश्त नहीं: एसपी
वहीं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि कारा सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने जेल परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को 24×7 चालू रखने, जैमर एवं सायरन की समय-समय पर जांच करने तथा प्रवेश-निकास द्वारों पर सघन तलाशी अभियान चलाने का निर्देश दिया. साथ ही मुलाकातियों की सूची का सत्यापन और बंदियों से मिलने की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया.
साफ-सफाई और ड्रेनेज पर विशेष जोर
बैठक में जेल परिसर एवं आसपास नियमित साफ-सफाई, पेड़ों की टहनियों की छंटाई तथा जल-जमाव रोकने के लिए नाली-ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का प्लान तैयार कर गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग को भेजने का आदेश कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल को दिया.

अन्य निर्देश
1. बंदियों के लिए विधिक सहायता शिविर एवं कौशल विकास प्रशिक्षण आयोजित किया जाए.
2. जेल लाइब्रेरी में पुस्तकों की संख्या बढ़ाई जाए.
3. महिला बंदियों एवं उनके साथ रह रहे बच्चों के लिए विशेष पोषण एवं टीकाकरण की व्यवस्था हो.
4. कारा कर्मियों को आधुनिक सुरक्षा उपकरणों का प्रशिक्षण दिया जाए.
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला, जेल अधीक्षक, सिविल सर्जन, जिला अभियोजन पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल सहित कारा सुरक्षा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे.
