Hazaribagh: दिगंबर जैन मंदिर में धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनूठा संगम देखने को मिला. बड़ा बाजार स्थित मंदिर परिसर में आयोजित मंगल प्रवचन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. कार्यक्रम का सानिध्य मुनि श्री धर्म सागर जी महाराज एवं मुनि श्री भाव सागर जी महाराज ने प्रदान किया.

चौंबीसी दर्शन और मांगलिक कार्यक्रम से भक्तिमय हुआ माहौल
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने मंदिर के तीनों तल्लों में विराजमान चौंबीसी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया. भगवान श्री जी का अभिषेक, शांतिधारा और अन्य मांगलिक क्रियाएं विधिवत संपन्न हुईं. मंगलाचरण मोनम पाटनी ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन मीडिया हेड विजय जैन लुहाड़िया ने किया. जैन महिला समाज की ओर से मुनि श्री को शास्त्र अर्पित कर सम्मान व्यक्त किया गया. पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा.
“संतों की सुरक्षा पूरे राष्ट्र की जिम्मेदारी”
धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि श्री भावसागर जी महाराज ने कहा कि देशभर में जैन संतों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है. उन्होंने घोषणा की कि 25 मई 2026 को सुबह 8 बजे देशव्यापी मौन जुलूस निकाला जाएगा तथा प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा. उन्होंने कहा कि संतों के खिलाफ होने वाले अपराधों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और केंद्र स्तर पर राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति बनाई जानी चाहिए.
ALSO READ: बिरहोर परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, पशुधन योजना से मिला सहारा
युवाओं को दिया संस्कार और संस्कृति से जुड़ने का संदेश
मुनि श्री ने अपने प्रवचन में युवाओं को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जुड़े रहने की प्रेरणा दी. उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथ में है और यदि युवा मजबूत एवं संस्कारित होंगे तो समाज और राष्ट्र भी सशक्त बनेगा.
विश्व शास्त्र रक्षा दिवस की तैयारियों पर भी चर्चा
सभा में आगामी 19 जून को आयोजित होने वाले विश्व शास्त्र रक्षा दिवस एवं श्रुत पंचमी महोत्सव की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से जानकारी दी गई. कार्यक्रम के अंत में महाआरती और आचार्य भक्ति का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
