Bokaro: चास प्रखंड क्षेत्र करहरिया गांव समीप 3 एकड़ 71 डिसमिल में फैले चुनाराम तालाब में 15वीं वित्त की राशि लगभग ढाई लाख की लागत से स्नान घाट का निर्माण करवाया जा रहा है. घाट निर्माण में बरती जा रही अनियमितता के खिलाफ स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए काम को बंद करवा दिया. गांव के नरेन्द्र सिंह, राजेश धर, महादेव सिंह, निशा देवी, शिवली आदि ने कहा कि स्नान घाट निर्माण में सीमेंट, बालू और ईंट का सही अनुपात में इस्तेमाल नही हो रहा है. घाट निर्माण में सामाग्री मारी जा रही है. ईट सोलिंग कार्य में भी अनदेखी किया जा रहा है. कार्य में सुधार नहीं किया जाता है तो कभी भी स्नान घाट क्षतिग्रस्त हो सकता है. ग्रामीणों ने संबंधित जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग की है.

कार्य में पारदर्शिता के साथ काम करने की सख्त हिदायत
इस संबंध में चास प्रखंड कनीय अभियंता दीपक कुमार ने कहा कि स्नान घाट निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत के बाद कार्य स्थल का निरीक्षण किया जाएगा. जिम्मेवार लोगों को कार्य में पारदर्शिता के साथ काम करने की सख्त हिदायत दी गई है. फिर भी किसी प्रकार की अनियमितता पाई गई और सुधार नहीं किया जाता है तो राशि की भुगतान रोक दी जाएंगी.
यह भी पढ़ें: बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं पर हर हाल में लगे रोक, मिशन मोड में मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र बनाएं : सीएम
