Gumla: गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र स्थित खटगांव में डायन-बिसाही के आरोप में 40 वर्षीय तारामुनी देवी की टांगी से वार कर हत्या कर दी गई. घटना गुरुवार की है. बताया जा रहा है कि महिला स्कूल के पास बर्तन धो रही थी, तभी गांव का ही शामिल डुंगडुंग वहां पहुंचा और उस पर डायन-बिसाही करने का आरोप लगाते हुए टांगी से हमला कर दिया. हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई.
आरोपी ने पुलिस के समक्ष किया आत्मसमर्पण
घटना के बाद आरोपी सीधे पालकोट थाना पहुंचा और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी. मृतका के भतीजे रंजीत ने बताया कि वर्ष 2025 में भी आरोपी ने तारामुनी देवी पर टांगी से जानलेवा हमला किया था. उस समय महिला की जान बच गई थी. मामले में पुलिस ने बाउंड भरवाकर आरोपी को छोड़ दिया था. इसके बावजूद आरोपी ने दोबारा डायन-बिसाही का आरोप लगाते हुए हमला कर दिया, जिसमें इस बार महिला की मौत हो गई.

2025 में भी हुआ था जानलेवा हमला
मृतका के पति अनमोल केरकेट्टा ने आरोपी के खिलाफ पालकोट थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. परिवार के अनुसार, बड़ा बेटा अंकित केरकेट्टा (17) गोवा में रहकर काम करता है, जबकि छोटा बेटा अमृत केरकेट्टा (13) अपनी मां के साथ गांव में रहता था.बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले करीब तीन वर्षों से मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था. उसे शक था कि तारामुनी देवी ने डायन-बिसाही कर उसे बीमार किया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
ALSO READ: JPSC विवाद पर CPI की मांग, CBI जांच कराने और सदस्य को हटाने की अपील
