Koderma : 30 जुलाई जिला कांग्रेस कमिटी, कोडरमा के जिलाध्यक्ष प्रकाश रजक ने सीटू के वरिष्ठ नेता, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की जिला कमिटी के सदस्य और कर्मठ समाजसेवी कॉमरेड महेंद्र तुरी के ब्रेन हेमरेज के कारण हुए असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है.
प्रकाश रजक ने अपने शोक संदेश में कहा कि कॉमरेड महेंद्र तुरी ने अपना पूरा जीवन मजदूरों के अधिकारों, सामाजिक न्याय और जनहित के मुद्दों के लिए समर्पित भाव से संघर्ष करते हुए बिताया. वे एक प्रतिबद्ध जननेता, कर्मठ समाजसेवी और मेहनतकश वर्ग की सशक्त आवाज थे. समाज के वंचित और श्रमिक वर्ग के हितों के प्रति उनकी निष्ठा और संघर्ष हमेशा याद किए जाएंगे.

महेंद्र तुरी का संघर्ष और जनसेवा हमेशा रहेगी प्रेरणास्रोत: प्रकाश रजक
उन्होंने कहा कि कॉमरेड महेंद्र तुरी का निधन केवल उनके परिवार, सहयोगियों और शुभचिंतकों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे मजदूर आंदोलन और कोडरमा जिले के सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है. उनका संघर्षपूर्ण जीवन, सादगी और जनसेवा के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा. प्रकाश रजक ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की. उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में जिला कांग्रेस कमिटी, कोडरमा शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है और दिवंगत आत्मा को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करती है.
Also Read : JPSC विवाद पर CPI की मांग, CBI जांच कराने और सदस्य को हटाने की अपील
