सिमडेगा: स्थायीकरण और वेतन की मांग को लेकर प्रदर्शन
स्थायीकरण की मांग को लेकर आंदोलनरत रसोइया संयोजिका संघ ने गुरुवार को सिमडेगा शहर में जुलूस निकालकर अपना आक्रोश जताया. संघ की ओर से कहा गया कि लंबे समय से स्थायीकरण और मानदेय की जगह नियमित वेतन देने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है.

आंदोलन छोड़ने का दबाव, संघ में नाराजगी
संघ के सदस्यों ने आरोप लगाया कि आंदोलनरत रसोइया संयोजिकाओं पर आंदोलन समाप्त कर काम पर लौटने का दबाव बनाया जा रहा है. इससे संघ के सदस्यों में नाराजगी बढ़ गई है और इसी के विरोध में जुलूस निकालकर अपनी मांगों को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया.
Also Read: बॉम्बे हाइकोर्ट ने पलटा निचली अदालत का फैसला:’सिर्फ व्हाट्सएप चैट से तलाक नहीं हो सकता’
अलबर्ट एक्का स्टेडियम से समाहरणालय तक जुलूस
प्रदेश महासचिव की अगुवाई में सैकड़ों रसोइया संयोजिकाओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर जुलूस निकाला. यह जुलूस अलबर्ट एक्का स्टेडियम से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए समाहरणालय तक पहुंचा. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की.
विधायक और डीसी को सौंपा ज्ञापन
जुलूस के दौरान रसोइया संयोजिका संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सिमडेगा विधायक को सौंपा. इसके बाद समाहरणालय पहुंचकर उपायुक्त (डीसी) सिमडेगा को भी ज्ञापन दिया गया और सरकार से जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की गई.

