Ranchi: राजधानी में छेड़खानी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, अभी कुछ दिन पहले ही करमटोली के प्रोफेसर कॉलोनी में एक सेना के जवान ने श्यामा प्रसाद विवि की छात्रा के साथ छेड़खानी करते हुए अश्लील हरकत की थी, लालपुर थाना की पुलिस उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दी थी, अभी वह मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि ताजा मामला बरियातू के कुसुम विहार में हो गयी. बहू बाजार की रहने वाली एक युवती के साथ बाइक सवार एक युवक ने न केवल छेड़खानी की, उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए उसे जबरन बाइक में बैठा कर ले जाने की भी कोशिश की. युवती ने इस संबंध में बरियातू थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार करने की गुहार भी लगाई है.

क्या है मामला
बहूबाजार के कटहर टोली निवासी युवती ने दर्ज प्राथमिकी में कहा है कि बरियातू के कुसुम विहार के दिव्यांग चौक से वह पैदल करमटोली जाने के लिए निकली थी. उसी समय बाइक सवार अज्ञात युवक उसके पास आया और उसे अकेली देख कर पहले अश्लील बातें की और उसके बाद अश्लील हरकत करने लगा. जिसका विरोध करने के बाद भी वह नहीं माना. उसी समय वहां से कुछ लोग गुजरे रहे थे जिसके बाद उन्हें देखते ही युवती ने शोर मचाया.पकड़े जाने के डर से बाइक सवार वहां से भाग गया. पहले तो लोक- लाज के भय से युवती पुलिस को नहीं बताना चाहती थी. लेकिन, लोगों ने युवती को कहा कि पुलिस को सूचना नहीं देने से मनचलों का मनोबल बढ़ता जायेगा और वे अन्य लड़कियों के साथ भी इस तरह की हरकत करने से बाज नही आयेंगे. उसके बाद युवती थाना पहुंची और छेड़खानी व अश्लील हरकत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद बरियातू पुलिस भी हरकत में आ गयी. फिलहाल सीटीवी फुटेज के आधार पर छेड़छाड़ व अश्लील हरकत करने वाले युवक की तलाश कर रही है.
महिला हेल्पलाइन नंबर भी नहीं कर रहा काम
महिलाओं के लिए रांची पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 100, 112 और सीआइडी का हेल्पलाइन नंबर 9771432103 छेड़खानी रोकने में नाकायाब साबित हो रहा है. जिसके कारण युवतियों को परेशानी हो रही है.
शक्ति कमांडों भी अब नहीं दिखती
रांची पुलिस ने स्कूल, कॉलेज व अन्य स्थानों जहां कामकाजी महिलाओं की संख्या ज्यादा होती है, वहां छुट्टी के दौरान शक्ति कमांडों को तैनात रहने का निर्देश दिया गया था, लेकिन अब कहीं भी शक्ति कमांडों नहीं दिखती, जिसके कारण मनचलों का मनोबल बढ़ रहा है.
ALSO READ: बिजली संकट का परमानेंट इलाज, झारखंड सरकार का एनर्जी फर्स्ट फॉर्मूला प्रोजेक्ट को हरी झंडी
