रांची: पुलिस के हत्थे चढ़ा PLFI का नया सुप्रीमो अमृत होरो, 10 लाख का था इनामी

Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया)...

Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के सुप्रीमो और 10 लाख रुपये के इनामी उग्रवादी अमृत होरो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उसे रांची जिले के लापुंग क्षेत्र से देर रात चलाए गए विशेष अभियान के दौरान दबोचा गया. लंबे समय से फरार चल रहा अमृत होरो सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था.

रंगदारी और आगजनी के कई मामले दर्ज

पुलिस सूत्रों के अनुसार अमृत होरो पर रांची और खूंटी जिले में रंगदारी, आगजनी और कई उग्रवादी घटनाओं को अंजाम देने का आरोप हैं. वह खासकर निर्माण स्थलों और रेलवे परियोजनाओं में ठेकेदारों से लेवी वसूलने के लिए कुख्यात था. उसके खिलाफ दर्जनों मामले दर्ज हैं. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह लापुंग इलाके में छिपा हुआ है. इसके बाद रांची पुलिस ने विशेष टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी की और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के दौरान कोई हथियार या विस्फोटक बरामद हुआ है या नहीं, पुलिस ने अभी इसका खुलासा नहीं किया है.

डेढ़ साल पहले मुठभेड़ में हुआ था फरार

बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ साल पहले पुलिस और अमृत होरो के बीच मुठभेड़ भी हुई थी. उस दौरान वह गोलियों की बौछार के बीच फरार होने में सफल हो गया था. तभी से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में लगातार अभियान चला रही थीं.

मार्टिन केरकेट्टा के बाद संभाली थी कमान

जानकारी के मुताबिक, पिछले वर्ष गुमला जिले के कामडारा क्षेत्र में पीएलएफआई सुप्रीमो मार्टिन केरकेट्टा के मारे जाने के बाद अमृत होरो ने संगठन की कमान संभाली थी. इसके बाद से वह संगठन की गतिविधियों का संचालन कर रहा था और पुलिस की वांछित सूची में शामिल था.

पूछताछ में हो सकते हैं बड़े खुलासे

फिलहाल पुलिस अमृत होरो से गहन पूछताछ कर रही है. जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान संगठन के नेटवर्क, अन्य उग्रवादियों, हथियारों की सप्लाई और लेवी वसूली से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं. रांची एसएसपी ने कहा कि यह नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी कामयाबी है.

Also Read : जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे का फैसला – यात्री ट्रेनों को पहले जाने दें, समय का रखें ख्याल

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *