Giridih: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जिला स्वास्थ्य समिति, गिरिडीह द्वारा तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान की शुरुआत की गई. समाहरणालय परिसर से उपायुक्त रामनिवास यादव ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह वाहन जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की गंभीर बीमारियों जैसे स्वास्थ्य जोखिमों के प्रति जागरूक करेगा.

गांव-गांव पहुंचेगा जागरूकता अभियान
मौके पर उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है. उन्होंने लोगों से तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की. कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.

ALSO READ: लेमन बेसिल की 5 आसान रेसिपी: खुशबूदार और स्वादिष्ट
अभियान के दौरान राष्ट्रीय तंबाकू त्याग हेल्पलाइन नंबर 1800-11-2356 की जानकारी भी लोगों को दी जा रही है, ताकि तंबाकू छोड़ने के इच्छुक व्यक्ति विशेषज्ञों से परामर्श लेकर नशामुक्त जीवन की ओर कदम बढ़ा सकें.
