Giridih : रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र गए बगोदर बाजार निवासी युवक विनोद जायसवाल की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार विनोद जायसवाल करीब एक सप्ताह पूर्व अपने कुछ साथियों के साथ रोजगार की तलाश में मुंबई गए थे. परिजनों ने बताया कि मुंबई पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी. इसी बीच सड़क दुर्घटना में उनकी मौत होने की खबर परिवार को मिली.
महाराष्ट्र में युवक का शव मिलने से बगोदर में शोक की लहर
बताया जाता है कि महाराष्ट्र के नागपुर जिले के पिंडपुरी थाना क्षेत्र में सड़क किनारे उनका शव मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जानकारी परिजनों को दी. सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य तत्काल महाराष्ट्र के लिए रवाना हो गए हैं और शव को घर लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं. युवक की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मोहल्ले और आसपास के लोगों ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है. स्थानीय लोगों के अनुसार विनोद रोजगार की उम्मीद लेकर घर से निकले थे, लेकिन उनकी मौत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. परिजन शव के बगोदर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है.

Also Read : हत्या के दो मामलों में तीन दोषियों को उम्रकैद, अदालत ने लगाया 50-50 हजार रुपये का जुर्माना
