जामताड़ा के फतेहपुर में स्वर्ण व्यवसायी से लाखों के गहनों की छिनतई, जांच में जुटे एसपी समेत पुलिस के आला अधिकारी

Jamtara: जामताड़ा जिले के नाला विधानसभा क्षेत्र के फतेहपुर बाजार में बीती रात स्वर्ण व्यवसायी से आभूषणों से भरा बैग छीनने की...

Jamtara: जामताड़ा जिले के नाला विधानसभा क्षेत्र के फतेहपुर बाजार में बीती रात स्वर्ण व्यवसायी से आभूषणों से भरा बैग छीनने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस मामले के खुलासे के लिए लगातार छापेमारी और जांच में जुटी हुई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फतेहपुर बाजार स्थित न्यू वर्मन ज्वैल्स के संचालक अमरजीत वर्मा शुक्रवार देर शाम दुकान बंद कर सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लेकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान फतेहपुर बस पड़ाव स्थित बजरंगबली चौक के समीप पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने झपट्टा मारकर गहनों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए. घटना इतनी तेजी से हुई कि व्यवसायी संभल भी नहीं पाए.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार दोपहर जामताड़ा पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह, नाला एसडीपीओ किशोर तिर्की तथा फतेहपुर थाना प्रभारी अमर कुमार सिंह घटनास्थल पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के दुकानदारों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की.

पुलिस अधीक्षक ने जांच टीम को जल्द मामले के उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं. वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों के भागने के संभावित रास्तों की भी जांच की जा रही है.

ALSO READ: रांची पुलिस को सफलता: 5 लाख का इनामी व कुख्यात ‘झांगुर ग्रुप’ का सरगना रामदेव उरांव दो साथियों साथ किया सरेंडर, 29 मामलों में था फरार

व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने और प्रमुख चौक-चौराहों पर निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है. उन्होंने बताया कि संबंधित ज्वेलर्स प्रतिष्ठान में पहले भी चोरी की घटना हो चुकी है, जिससे व्यापारियों की चिंता और बढ़ गई है.

पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *