News Desk : उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. आगामी यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का ऑनलाइन पंजीकरण शुक्रवार 6 मार्च से शुरू कर दिया गया है. पर्यटन विभाग के अनुसार सुबह 7 बजे से श्रद्धालु वेबसाइट और मोबाइल एप के जरिए अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं.

19 अप्रैल से शुरू होगी चारधाम यात्रा
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होगी. यात्रा के दौरान अलग-अलग तिथियों पर धामों के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे. केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को और बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खोले जाएंगे.
Also Read : झारखंड में सोना उत्पादन में बड़ी बढ़ोतरी, 12 से बढ़कर 28 किलोग्राम से अधिक हुआ उत्पादन
वेबसाइट और मोबाइल एप से कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन
चारधाम यात्रा में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया गया है. श्रद्धालु पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in और मोबाइल एप Tourist Care Uttarakhand के माध्यम से आसानी से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं.
Also Read : गिरिडीह: होली के जश्न में विवाद, युवक की चाकू मारकर हत्या, आक्रोशित लोगों ने सड़क किया जाम
भारतीय और विदेशी श्रद्धालुओं के लिए अलग व्यवस्था
प्रशासन के अनुसार यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या को व्यवस्थित रखने और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए पंजीकरण जरूरी किया गया है. भारतीय श्रद्धालु आधार कार्ड के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं, जबकि विदेशी श्रद्धालुओं को ई-मेल आईडी के जरिए रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी गई है.
17 अप्रैल से शुरू होंगे ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन
जो श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण नहीं कर पाएंगे, उनके लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था भी की गई है. यह सुविधा 17 अप्रैल से शुरू होगी. इसके लिए ऋषिकेश के ट्रांजिट कैंप, हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान और विकासनगर में विशेष पंजीकरण काउंटर बनाए जाएंगे.
Also Read : जमशेदपुर पुलिस महकमे में भारी फेरबदल: एक साथ 16 इंस्पेक्टर व सब इंस्पेक्टर का हुआ तबादला
श्रद्धालुओं के लिए जारी किया गया हेल्पलाइन नंबर
पर्यटन विभाग ने यात्रियों की सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 0135-1364 जारी किया है. यह नंबर 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. श्रद्धालु इस पर कॉल करके यात्रा, पंजीकरण प्रक्रिया और अन्य जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
किस धाम के कपाट कब खुलेंगे
उत्तराखंड पर्यटन विभाग के अनुसार इस वर्ष यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल 2026 को खोले जाएंगे. केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को और बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे.

