Ranchi: झारखंड के हजारों शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. राज्य में शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अभ्यर्थियों को भी अब झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) में शामिल होने का अवसर मिलेगा. प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेज दिया है.

जानकारी के अनुसार, अब केवल प्रशिक्षण पूरा कर चुके अभ्यर्थी ही नहीं, बल्कि मान्यता प्राप्त संस्थानों में शिक्षक प्रशिक्षण ले रहे अभ्यर्थी भी JTET के लिए आवेदन कर सकेंगे. इस फैसले से वर्ष 2024 और 2025 के नामांकित विद्यार्थियों सहित लगभग 50 हजार प्रशिक्षणरत अभ्यर्थियों को सीधा लाभ मिलने की संभावना है.
सुप्रीम कोर्ट और NCTE गाइडलाइन का दिया गया हवाला
शिक्षा विभाग ने अपने पत्र में सुप्रीम कोर्ट के वर्ष 2019 के आदेश और राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) के 2022 के दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा है कि प्रशिक्षणरत अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाना चाहिए. वर्तमान में ऐसे अभ्यर्थियों के आवेदन स्वीकार नहीं किए जा रहे थे, जिससे उनमें असमंजस की स्थिति बनी हुई थी.
सूत्रों के मुताबिक, JAC अगले एक-दो दिनों में इस संबंध में संशोधित दिशा-निर्देश जारी कर सकता है. निर्देश जारी होने के बाद प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अभ्यर्थी भी JTET के लिए आवेदन कर सकेंगे.
अगस्त तक हो सकती है JTET परीक्षा
राज्य में JTET परीक्षा अगस्त माह तक आयोजित होने की संभावना जताई जा रही है. आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को त्रुटि सुधार (Correction Window) का भी अवसर दिया जाएगा. इसकी तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी.
ALSO READ: रांची से लापता पुलिसकर्मी की पत्नी व बेटी आरा से बरामद, फिरौती के कॉल ने पुलिस को घुमाया
2003 नियुक्त शिक्षकों की मांग भी चर्चा में
इधर वर्ष 2003 में नियुक्त कुछ शिक्षकों की ओर से भी JTET में शामिल होने की मांग उठाई गई है. उनका कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शिक्षक पात्रता परीक्षा अनिवार्य हो गई है, इसलिए उन्हें भी आवेदन का अवसर मिलना चाहिए.
शिक्षा विभाग के इस फैसले को शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है. लंबे समय से प्रशिक्षणरत छात्र-छात्राएं JTET में शामिल होने की अनुमति की मांग कर रहे थे. अब विभाग की पहल से उनके लिए शिक्षक बनने का रास्ता और आसान होता नजर आ रहा है.
