Ranchi: धुर्वा इलाके से रहस्यमय तरीके से गायब हुई मां-बेटी को पुलिस ने बिहार के आरा जिले से सकुशल बरामद कर लिया है. इस मामले में नया मोड़ तब आया जब दोनों के लापता होने के बाद एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा परिजनों से एक लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगल से बारीकी से जांच कर रही है.

जाने क्या है पूरा मामला?
दरअसल, झारखंड पुलिस में कार्यरत सुधीर कुमार सिंह की पत्नी सुनीता देवी और उनकी 19 वर्षीय बेटी काजल कुमारी शनिवार को रांची से अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गई थीं. एक साथ मां-बेटी के लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया था. परेशान पिता सुधीर सिंह ने अपनी पत्नी और बेटी की तलाश के लिए सोशल मीडिया और सार्वजनिक स्थानों पर एक पोस्टर भी जारी किया था. इसके साथ ही उन्होंने रांची के धुर्वा थाने में दोनों की गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी.
बिहार के आरा से हुईं बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस तुरंत रेस हुई. पुलिस तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए मां और बेटी को बिहार के आरा जिले से सकुशल बरामद कर लिया गया है. प्रारंभिक जांच में यह बात साफ हो गई है कि मां-बेटी का अपहरण नहीं हुआ था. वे दोनों किन परिस्थितियों में और किस वजह से रांची छोड़कर बिहार के आरा पहुंचीं, पुलिस इस बिंदु पर गहराई से पूछताछ और जांच कर रही है.
ALSO READ: जामताड़ा में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
फिरौती के फोन कॉल ने बढ़ाई उलझन
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू फिरौती का रहा. जब मां-बेटी लापता थीं, तब सुधीर सिंह और उनके बेटे के मोबाइल पर लगातार एक अज्ञात नंबर से फोन आ रहा था. फोन करने वाला व्यक्ति दोनों की सही-सलामत वापसी के एवज में एक लाख रुपये की फिरौती की मांग कर रहा था.
जिस नंबर से फिरौती के लिए फोन किया जा रहा था, पुलिस ने उसे ट्रेस करना शुरू कर दिया है. पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि क्या फोन करने वाला व्यक्ति वाकई मां-बेटी के गायब होने से जुड़ा था, या उसने सिर्फ परिवार की लाचारी का फायदा उठाकर पैसे ऐंठने के लिए फोन किया था.
फिलहाल, मां-बेटी के सुरक्षित मिलने से पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली है, लेकिन दोनों के अचानक रांची से आरा चले जाने और फिरौती के कॉल का रहस्य अब भी बरकरार है, जिसे सुलझाने में पुलिस जुटी हुई है.
