Chaibasa: मनोहरपुर थाना क्षेत्र के पुराना मनोहरपुर-मनीपुर मार्ग पर रविवार को हुए सड़क हादसे में दो किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. मृतकों की पहचान पुराना मनोहरपुर लोहार टोला निवासी 14 वर्षीय वतन लोहार तथा मनीपुर सांडिल टीला निवासी 18 वर्षीय ओम सांडिल के रूप में हुई है. दोनों मनोहरपुर थाना क्षेत्र के निवासी थे. प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर स्कूटी से पुराना मनोहरपुर से मनीपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान कल्भट पुलिया के समीप स्कूटी अनियंत्रित हो गई और पुलिया के नीचे जा गिरी. हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.

यह भी पढ़ें: चाईबासा: झींकपानी एसीसी अडानी प्लांट बचाने को लेकर त्रिपक्षीय वार्ता बेनतीजा, मजदूरों में रोष
परिजन का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल में मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. इधर, सूचना मिलते ही मनोहरपुर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया में जुटी रही.
यह भी पढ़ें: SIR पर कांग्रेस एक्टिव: ‘न एक भी वोट कटेगा, न फर्जी नाम जुड़ेगा’, रांची में बनी बूथ स्तर की रणनीति
