Dhanbad/ Jamshedpur: झारखंड के दो अलग-अलग जिलों में रविवार की रात अपराधियों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया. धनबाद और जमशेदपुर में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. धनबाद में जहां एक चालक के घर को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई. वहीं जमशेदपुर में महज पुराना बकाया पैसे मांगने पर बदमाशों ने एक दुकानदार पर दो राउंड फायरिंग कर दी. दोनों ही घटनाओं में पीड़ित बाल-बाल बच गए. पुलिस मामलों की जांच में जुट गई है.

धनबाद में आधी रात को चालक के घर पर फायरिंग
धनबाद जिले के लोयाबाद थाना क्षेत्र के कनकनी पासी पट्टी में रविवार की रात करीब 11 बजे अचानक हुई फायरिंग से सनसनी फैल गई. यहां रहने वाले रवि मिर्धा के घर को अपराधियों ने निशाना बनाया. रवि झरिया की एक आउटसोर्सिंग कंपनी में ड्राइवर के रूप में काम करता है. अपराधियों ने रवि के घर की लोहे की खिड़की से सटाकर गोली चलाई. गोली इतनी लोहे की खिड़की को छेदते हुए कमरे के अंदर रखी अलमारी से जा टकराई. इससे अलमारी का शीशा चकनाचूर हो गया और गोली अलमारी के भीतर ही फंस गई.
इस जानलेवा हमले के वक्त रवि का पूरा परिवार घर के अंदर ही सो रहा था अचानक खिड़की पर चली गोली की जोरदार आवाज सुनकर सबकी नींद उड़ गई और पूरा परिवार दहशत में आ गया. गनीमत रही कि इस घटना में परिवार का कोई भी सदस्य हताहत नहीं हुआ. गोली की आवाज सुनकर पासी पट्टी बस्ती के लोग भी सहम गए और तुरंत अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए. स्थानीय लोगों ने मिलकर हमलावर की खोजबीन भी शुरू की, लेकिन तब तक अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो चुका था.पीड़ित परिवार इस घटना के बाद से बेहद डरा हुआ है.
जमशेदपुर में पांच हजार का पुराना बकाया मांगने पर भड़के बदमाश
दूसरी दुस्साहसिक वारदात जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र की है. यहां एमपी रोड स्थित ‘इम्तियाज जनरल स्टोर’ में रविवार रात करीब 9 बजे दो बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया. दुकानदार मोहम्मद इम्तियाज के साथ मारपीट और तोड़फोड़ करने के बाद बदमाशों ने उन पर सीधी फायरिंग कर दी. दुकानदार मोहम्मद इम्तियाज के अनुसार, रविवार की रात अरमान पलटन और बच्चा राज नाम के दो युवक उनकी दुकान पर आए थे. दोनों ने 122 रुपया का सामान खरीदा. जब इम्तियाज ने सामान का बिल दिया, तो साथ ही उन्होंने युवकों से पुराना बकाया पैसा भी मांग लिया.
दोनों आरोपियों पर पहले का लगभग पांच हजार रुपया उधार बाकी था. पुराना बकाया मांगते ही दोनों आरोपी बुरी तरह भड़क गए. उन्होंने पहले तो दुकानदार इम्तियाज के साथ मारपीट की और दुकान में रखा सामान तोड़ना शुरू कर दिया. इसके बाद वे वहां से चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद दोनों दोबारा दुकान पर धमके. इस बार उनके इरादे और खतरनाक थे,उन्होंने जान से मारने की नीयत से इम्तियाज पर दो राउंड फायरिंग कर दी.
ASLO READ: पेट्रोल-डीजल मूल्यवृद्धि के खिलाफ राहे में भाकपा माले का विरोध मार्च, प्रधानमंत्री का किया पुतला दहन
