Ranchi: राजधानी रांची की सबसे व्यस्ततम मानी जाने वाली सड़क (अल्बर्ट एक्का चौक से सुजाता चौक तक) को जाम मुक्त और सुगम बनाने के लिए रांची पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है. इसी कड़ी में मंगलवार को

ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया. इस बैठक में क्षेत्र के तमाम छोटे-बड़े दुकानदारों और व्यवसायियों ने हिस्सा लिया, जहां ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सख्त हिदायत के साथ-साथ आपसी सहयोग पर चर्चा हुई.

अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर चला चाबुक
बैठक के दौरान मुख्य रूप से सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग, फुटपाथों पर दुकान लगाने और अन्य प्रकार के अतिक्रमणों पर गहरी चिंता व्यक्त की गई. ट्रैफिक एसपी ने दुकानदारों को कड़े शब्दों में निर्देश दिया कि वे अपनी दुकानों के सामने किसी भी प्रकार की रेहड़ी, ठेला या अस्थायी दुकान न लगने दें.
ट्रैफिक एसपी ने कहा कि दुकानदार यह सुनिश्चित करें कि उनकी दुकान पर आने वाले ग्राहकों के वाहन बेतरतीब खड़े न हों. वाहनों को सुनियोजित ढंग से ही पार्क कराया जाए ताकि पैदल चलने वाले राहगीरों के लिए फुटपाथ और आम जनता के लिए सड़क पूरी तरह खाली रहे.
आम जनता और दुकानदारों से ली गई सलाह
यातायात व्यवस्था को केवल बलपूर्वक नहीं, बल्कि आपसी समन्वय से सुधारने पर भी जोर दिया गया. बैठक में मौजूद दुकानदारों से रांची की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर और सुगम बनाने के लिए सुझाव और सलाह भी मांगी गई. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन करने में ही सबका फायदा है, क्योंकि जाम मुक्त सड़क से व्यापार भी फलेगा-फूलेगा.

एसपी ने बैठक के अंत में यह बिल्कुल साफ कर दिया कि इस चेतावनी और बैठक के बाद भी यदि कोई नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध प्रशासन बेहद सख्त रुख अपनाएगा. ट्रैफिक पुलिस न सिर्फ भारी जुर्माना लगाएगी, बल्कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.
