Bihar: पटना में मंगलवार देर रात हुई मारपीट और तोड़फोड़ की घटना के बाद चर्चित शिक्षक खान सर ने बड़ा फैसला लेते हुए बुधवार (3 जून) को अपनी कोचिंग पूरी तरह बंद रखने की घोषणा की है. साथ ही आने वाले कुछ दिनों तक संस्थान के संचालन पर भी रोक लगाई जा सकती है. घटना के बाद कोचिंग परिसर में तनाव और अफरातफरी का माहौल बना हुआ है.

छात्रों की भीड़, लगे समर्थन में नारे
बुधवार सुबह बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग पहुंचे और “खान सर जिंदाबाद” के नारे लगाए. इस दौरान खान सर ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि फिलहाल पढ़ाई नहीं हो पाएगी. खान सर ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व जबरन कोचिंग परिसर में घुस आए और ड्यूटी पर तैनात गार्ड के साथ बेरहमी से मारपीट की. हमले में गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका सिर फट गया. घटना के समय ऑनलाइन क्लास भी चल रही थी. घायल गार्ड को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
सुरक्षा व्यवस्था की गई कड़ी
घटना के बाद कोचिंग परिसर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. बिल्डिंग के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके. खान सर ने मीडिया से बातचीत के दौरान अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई और प्रशासन से उचित सुरक्षा की मांग की.
धमकी और साजिश के आरोप
खान सर ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने कोचिंग को दो दिनों के भीतर “उड़ा देने” की धमकी दी है. उन्होंने इस घटना को सुनियोजित साजिश बताते हुए कहा कि आसपास के कुछ कोचिंग संस्थानों के लोग भी इसमें शामिल हो सकते हैं.
Read Also: 8 जून को देशभर में RRB कर्मियों की हड़ताल, ग्रामीण बैंकिंग सेवाएं हो सकती हैं प्रभावित
गोलीबारी के बयान पर दी सफाई
गोलीबारी को लेकर दिए गए अपने शुरुआती बयान पर खान सर ने बाद में सफाई दी. उन्होंने कहा कि घटना के समय माहौल बेहद तनावपूर्ण था, जिसके कारण भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी. उन्होंने कहा कि गार्ड ने जो जानकारी दी थी, उसी आधार पर उन्होंने गोली चलने की बात कही थी. हालांकि पुलिस ने अब तक गोलीबारी की पुष्टि नहीं की है.
FIR दर्ज, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
इस मामले में खान सर की ओर से नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है. पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा है कि उपलब्ध सबूतों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं टाउन डीएसपी राजेश रंजन के अनुसार शुरुआती जांच में गोलीबारी की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मारपीट और तोड़फोड़ के मामले की गंभीरता से जांच जारी है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना है.
