जामताड़ा: एसआईआर अभियान को सफल बनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाएगा प्रशासन

Jamtara: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण...

Jamtara: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) को लेकर जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में एसआईआर प्रक्रिया, मतदाता सूची पुनरीक्षण, दावा-आपत्ति और बीएलए नियुक्ति सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई.

पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे 

उपायुक्त ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से बीएलए-1 एवं बीएलए-2 की शीघ्र नियुक्ति कर सूची उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा सके. बैठक में बताया गया कि झारखंड में एसआईआर की अहर्ता तिथि 1 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा. वहीं बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन कार्य 30 जून से 29 जुलाई तक चलेगा. ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त को होगा तथा दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अवधि 5 अगस्त से 4 सितंबर तक निर्धारित की गई है.

व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा 

उपायुक्त ने बताया कि एसआईआर अभियान को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. साथ ही मीडिया ब्रीफिंग के माध्यम से लोगों को पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने और योग्य मतदाताओं का नाम सूची में जुड़वाने में सहयोग करने की अपील की. बैठक के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार एक बीएलए एक दिन में बीएलओ को 50 से अधिक गणना प्रपत्र नहीं दे सकेंगे. दावा एवं आपत्ति अवधि में प्रतिदिन 10 तथा पूरी अवधि में अधिकतम 30 आवेदन ही जमा किए जा सकेंगे.

सेवा पोर्टल से घर बैठे अपना नाम जांच सकते हैं 

उपायुक्त ने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल और वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से मतदाता घर बैठे अपना नाम जांच सकते हैं तथा नए पंजीकरण या सुधार के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. किसी भी समस्या की स्थिति में टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है. मौके पर अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.

AlsoRead:सड़क चौड़ीकरण योजना: 107 करोड़ के प्रोजेक्ट में पेड़ों की कटाई के विरोध में उतरा ‘सेव हजारीबाग’

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *