यातायात नियमों को लेकर हजारीबाग पुलिस का बड़ा जागरूकता अभियान, लाउडस्पीकर से रिकॉर्डिंग सुनाकर वाहन चालकों को किया गया सजग

Hazaribagh: पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के आदेशानुसार बुधवार को शहरी क्षेत्र में यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने और सड़कों को...

Hazaribagh Police
लोगों को यातायात नियमों को लेकर जागरूक करती पुलिस

Hazaribagh: पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के आदेशानुसार बुधवार को शहरी क्षेत्र में यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने और सड़कों को जाम मुक्त बनाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया. इस अभियान के तहत पुलिस जीप पर लाउडस्पीकर के माध्यम से विशेष रिकॉर्डिंग का अनाउंसमेंट कर आम लोगों और वाहन चालकों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई और उन्हें जागरूक किया गया. इसके साथ ही शहर के विभिन्न व्यस्ततम चौक-चौराहों पर नो पार्किंग से संबंधित कड़ा अभियान चलाकर सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई.

डीएसपी सीसीआर और ट्रैफिक थाना प्रभारी के नेतृत्व में बनी विशेष टीम

इस व्यापक अभियान को धरातल पर उतारने के लिए जिले के पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था. इस टीम में पु.नि सह थाना प्रभारी यातायात के साथ तीन अन्य पुलिस पदाधिकारी और 10 गृह रक्षक के जवान शामिल रहे. गठित टीम के द्वारा डीएसपी सीसीआर और यातायात थाना प्रभारी की मौजूदगी में बारी-बारी से स्थान बदलकर हजारीबाग शहरी क्षेत्र के सभी प्रमुख मार्गों और बाजारों में घूम-घूमकर माइक से अनाउंसमेंट किया गया और नो पार्किंग से संबंधित नियमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया.

शहर के इन प्रमुख चौक-चौराहों और बाजारों में चला सघन अभियान

पुलिस की टीम ने दो अलग-अलग चरणों में पूरे शहर को कवर किया. पहले अभियान के तहत त्रिमूर्ति चौक, डिस्ट्रिक्ट मोड़, पीटीसी चौक, मटवारी चौक, बाबू गांव चौक, कोर्रा चौक, इंद्रपुरी चौक से पानी टंकी, पैगोडा चौक, खाजा चौक, छोटी ग्वालटोली, सांसद मोड़, सुंदरी मार्केट से लेकर झंडा चौक एवं पंच मंदिर चौक तक मुख्य मार्गों पर विशेष तौर पर प्रचार-प्रसार किया गया. इसके तुरंत बाद दूसरे चरण में नो पार्किंग को लेकर त्रिमूर्ति चौक, कल्लू चौक, वी-मार्ट, इंद्रपुरी चौक, पानी टंकी पैगोडा चौक, कांग्रेस चौक, आनंद चौक, बंसीलाल चौक, सुजात चौक, सरदार चौक, छोटी ग्वालटोली, पंच मंदिर चौक, सांसद महोदय मोड़, ख्वाजा चौक एवं झंडा चौक से लेकर डिस्ट्रिक्ट मोड़, पीटीसी चौक, मटवारी चौक, कोर्रा चौक और बाबुगांव चौक तक सघन अभियान चलाया गया.

मुख्य मार्गों पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों को हटाया गया और चेतावनी दी गई कि नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई और जुर्माना किया जाएगा. पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

यह भी पढ़ें: चाईबासा: पुण्यतिथि पर याद किए गए कृष्ण बल्लभ सहाय

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *