Ranchi: झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ (JPSS) के आह्वान पर शनिवार को राज्य के सभी 24 जिलों के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों ने काला बिल्ला लगाकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया. शिक्षकों ने नियमित रूप से शिक्षण कार्य करते हुए सरकार से Modified Assured Career Progression (MACP) का लाभ लागू करने की मांग उठाई.
शांतिपूर्ण तरीके से जताया विरोध
संघ के अनुसार यह सांकेतिक आंदोलन सरकार द्वारा शिक्षकों की वर्षों पुरानी MACP मांग पर ठोस निर्णय नहीं लेने के विरोध में आयोजित किया गया. शिक्षकों ने विद्यालयों में अपनी शैक्षणिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया.
सरकार पर उदासीनता का आरोप
संघ ने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षकों की लंबित MACP मांग की लगातार उपेक्षा कर रही है. साथ ही न्यायालय द्वारा दिए गए आदेशों एवं निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध कार्रवाई भी नहीं की गई है. संघ का कहना है कि न्यायिक प्रक्रिया के बाद भी शिक्षकों को वैधानिक लाभ नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है.

मांग नहीं मानी तो आंदोलन होगा तेज
प्रदेश अध्यक्ष आनन्द किशोर साहु ने कहा कि शिक्षक समाज लंबे समय से धैर्य और अनुशासन के साथ अपनी वैधानिक मांग उठा रहा है. उन्होंने सरकार से न्यायालय के निर्देशों का सम्मान करते हुए MACP लागू करने की मांग की. उन्होंने कहा कि काला बिल्ला आंदोलन सरकार के लिए गंभीर चेतावनी है और मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा. प्रदेश महासचिव बलजीत कुमार सिंह ने कहा कि 24 जिलों के शिक्षकों की एकजुट भागीदारी यह साबित करती है कि MACP पूरे शिक्षक समुदाय की प्रमुख मांग बन चुकी है. उन्होंने सरकार से अविलंब MACP लागू करने की मांग करते हुए कहा कि सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर संघ चरणबद्ध और व्यापक आंदोलन करेगा. झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ ने सरकार से शिक्षकों के संवैधानिक, वैधानिक और वित्तीय अधिकारों का सम्मान करते हुए शीघ्र MACP लाभ लागू करने की मांग की है.
ALSO READ: तमाड़: रात के अंधेरे में बालू तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ वाला हाइवा जब्त
