Ranchi:रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक व अनियमितताओं के खिलाफ हजारों छात्र अनिश्चितकालीन सत्याग्रह और प्रदर्शन कर रहे. इसी दौरान शनिवार की देर रात छात्रों का आंदोलन उस समय बेहद खतरनाक मोड़ पर आ गया, जब एक आंदोलन में शामिल हुए एक छात्र स्टेडियम में लगे ऊंचे ‘हाई मास्ट लाइट टॉवर’ पर जा चढ़ा. घटना की सूचना मिलते ही पूरे प्रशासनिक और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, लंबित परिणामों को जारी करने और नीतिगत सुधारों की मांगों को लेकर छात्र पिछले कुछ समय से लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी दौरान आंदोलन में शामिल एक युवक अचानक मैदान में लगे विशालकाय लाइट टॉवर के लोहे के ढांचे पर चढ़ने लगा. देखते ही देखते वह टॉवर के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया.

नशे की हालत में युवक होने की आशंका:
मौके पर मौजूद चश्मदीदों के अनुसार, टॉवर पर चढ़ा युवक अत्यधिक नशे की हालत में है. ऊंचाई पर खड़े होकर वह नीचे जुटी भीड़ को देखकर चिल्ला रहा है और मांगें पूरी न होने पर छलांग लगाने की धमकी दे रहा है. उसके नशे में होने के कारण संतुलन बिगड़ने का खतरा काफी बढ़ गया है, जिससे प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए,।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस सहित भारी संख्या में पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद युवक को टॉवर से नीचे उतारा गया.
