Ranchi: झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आएगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची केंद्र के अनुसार राज्य के अधिकांश इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है.

4 और 5 जून का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 4 जून 2026 को राज्य के पूर्वी और उससे सटे मध्य भागों में कहीं-कहीं गरज-चमक और वज्रपात के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है. वहीं 5 जून को राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है. उत्तर-पश्चिमी और उससे सटे मध्य हिस्सों को छोड़कर बाकी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
Read Also: ITR को सिर्फ टैक्स न समझें, इसके 5 बड़े फायदे जानिए
तापमान में बढ़ोतरी के संकेत
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में 5 जून तक आंशिक बादल छाए रहने और गर्जन वाले बादल बनने की संभावना बनी हुई है. वहीं 6 और 7 जून को गरज के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.
