Giridih: जमुआ थाना क्षेत्र के तीनमहुआ गांव में दो गुटों के बीच हुए पथराव और तनावपूर्ण माहौल के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने 200 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुन्ना यादव, प्रदीप पांडेय, बिरेंद्र मंडल और प्रकाश यादव समेत सात लोग शामिल हैं. सभी को चिकित्सीय जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.

सर्च ऑपरेशन में 30 बाइक जब्त
घटना के बाद पुलिस ने गांव और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक सर्च अभियान चलाया. इस दौरान करीब 30 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं. पुलिस इन वाहनों के मालिकों और घटना में उनकी संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है. अधिकारियों ने कहा है कि जिन वाहनों के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो फुटेज से हो रही पहचान
पुलिस वीडियो फुटेज, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग, मोबाइल वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर रही है. पहचान पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना को देखते हुए गांव और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और पुलिस लगातार निगरानी रख रही है.
ALSO READ: कोडरमा हत्याकांड: 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, 5 गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
