शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि आज, नेमरा में जुटेगा समर्थकों का हुजूम; CM हेमंत करेंगे आदमकद प्रतिमा का अनावरण

Ramgarh: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि मंगलवार, 4 अगस्त को उनके पैतृक गांव रामगढ़ जिले...

Ramgarh: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि मंगलवार, 4 अगस्त को उनके पैतृक गांव रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड स्थित नेमरा में मनाई जाएगी. इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सुबह करीब 11 बजे लुकैयाटांड मैदान में स्थापित शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का अनावरण करेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री पैतृक आवास पहुंचकर सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार बाबा शिबू सोरेन के चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. वे शहीद सोबरन मांझी की प्रतिमा स्थल पर भी पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे.

विकास मेला सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे CM

पुण्यतिथि कार्यक्रम के साथ नेमरा-लुकैयाटांड मैदान में विकास मेला सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों की योजनाओं का अवलोकन करेंगे और लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण करेंगे. विकास मेले में अलग-अलग विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा. कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री, विधायक, सांसद, झारखंड आंदोलनकारी, झामुमो के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे. झारखंड के अलावा ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों से शिबू सोरेन के समर्थकों के पहुंचने की संभावना है. आदिवासी समाज के लोगों की भी कार्यक्रम में बड़ी भागीदारी रहेगी.

गोला से नेमरा तक सजे रास्ते, जगह-जगह लगाए गए बैनर और झामुमो के झंडे

शिबू सोरेन की पुण्यतिथि को लेकर गोला चौक, बरलंगा चौक, लुकैयाटांड मैदान और नेमरा स्थित पैतृक आवास तक व्यापक तैयारियां की गई हैं. गोला चौक से नेमरा तक सड़क के दोनों ओर शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने वाले बैनर और झामुमो के झंडे लगाए गए हैं. बरलंगा चौक से नेमरा तक सड़क किनारे बिजली के स्थायी और अस्थायी पोल पर रोशनी की व्यवस्था की गई है. जगह-जगह जेनरेटर भी लगाए गए हैं. मुख्य कार्यक्रम स्थल लुकैयाटांड मैदान स्थित सोना सोबरन प्लस टू हाई स्कूल परिसर में शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा स्थापित की गई है.
Read Also: JPSC Protest: छात्रों के विधानसभा घेराव से पहले सरकार निकालेगी रास्ता, विपक्षी पार्टी को क्रेडिट नहीं लेने देने का रहेगा दबाव, बनेगी उच्च स्तरीय कमेटी

सोहराय पेंटिंग से सजीं दीवारें, हजारों लोगों के लिए बनाया गया पंडाल

कार्यक्रम स्थल की दीवारों को पारंपरिक सोहराय पेंटिंग से आकर्षक रूप दिया गया है. प्रतिमा स्थल के आसपास पेवर ब्लॉक बिछाए गए हैं. मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के लिए लुकैयाटांड मैदान में हेलीपैड बनाया गया है. प्रतिमा स्थल और हेलीपैड के पास करीब 400 फीट लंबा जर्मन हैंगर पंडाल तैयार किया गया है. इसमें हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था अलग-अलग ब्लॉक में की गई है. पंडाल के दाहिनी ओर भोजन स्टॉल बनाए गए हैं. वीआईपी पार्किंग की व्यवस्था पंडाल के पास है, जबकि आम लोगों के वाहनों के लिए लुकैयाटांड मैदान के दूसरे हिस्से में अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं.

सुरक्षा, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं का भी इंतजाम

कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने सुरक्षा, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की है. नेमरा स्थित पैतृक आवास के पास धुमकुड़िया भवन के समीप बैरिकेडिंग और पार्किंग की व्यवस्था की गई है. आवास के सामने स्थित अतिथि भवन में सामाजिक बैठक का इंतजाम किया गया है. बाबा शिबू सोरेन के समाधि स्थल तक जाने वाली सड़क को भी व्यवस्थित किया गया है. पैतृक आवास के आंगन में तुलसी पिंड के पास श्रद्धांजलि के लिए छोटा पंडाल बनाया गया है, जहां शिबू सोरेन का चित्र रखा गया है. यहां सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार श्रद्धांजलि दी जाएगी.

बड़े स्तर पर तैयारी में जुटा रहा रामगढ़ जिला प्रशासन

पुण्यतिथि कार्यक्रम को लेकर उत्तरी छोटानागपुर के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता, डीआईजी अंजनी कुमार झा, उपायुक्त ऋतुराज, एसपी मुकेश कुमार लुणायत समेत जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारी तैयारियों में जुटे रहे. आयुक्त और डीआईजी ने सोमवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए. वहीं, डीसी और एसपी ने सोमवार शाम प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी को उनकी जिम्मेदारियां सौंपीं. कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है.

शिबू सोरेन के निधन के बाद विकास की नई पहचान बना नेमरा

दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन 4 अगस्त 2025 को हुआ था. इसके बाद नेमरा गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया था. बाबा को श्रद्धांजलि देने के लिए देशभर से बड़ी संख्या में लोग करीब 10 दिनों तक नेमरा पहुंचे थे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी करीब 10 दिनों तक नेमरा में रहकर सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल हुए थे. पिछले एक साल में नेमरा और आसपास के क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है. सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सिंचाई और रोजगार प्रशिक्षण के क्षेत्र में कई योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है. गांव में आधुनिक दूरसंचार नेटवर्क का भी विस्तार हुआ है.

सड़क से लेकर नेटवर्क तक, गांव में तेजी से हुआ बदलाव

नेमरा में बीएसएनएल, जियो और एयरटेल के नेटवर्क टावर स्थापित किए गए हैं. गांव के आसपास सड़कों का विस्तार हुआ है. बरलंगा चौक, सुथरपुर चौक से कसमार (बोकारो) तक सड़क का निर्माण किया गया है. पैतृक आवास से शिबू सोरेन के समाधि स्थल तक सड़क और गार्डवाल का निर्माण हुआ है. रोरो से नर्सीडीह, संग्रामपुर बाजारटांड़ से नेमरा होते हुए औराडीह तक सड़क निर्माण समेत कई इलाकों में सड़कें बनाई गई हैं. पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दो लाख लीटर क्षमता की जलमीनार का निर्माण जारी है. बरलंगा उपस्वास्थ्य केंद्र के साथ 50 बेड के अस्पताल का निर्माण भी कराया जा रहा है.

मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र और सिंचाई सुविधाओं पर जोर

नेमरा के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित किया गया है. नर्सीडीह में सामाजिक बैठकों के लिए धुमकुड़िया भवन का निर्माण कराया गया है. सिंचाई के लिए नहर बनने से गांव के करीब 20 से 30 एकड़ कृषि भूमि में पटवन की सुविधा उपलब्ध हुई है. नेमरा समेत आसपास के गांवों के तालाबों का भी जीर्णोद्धार कराया गया है. मंडई पूजा स्थल और सरना स्थल की चहारदीवारी समेत विभिन्न टोलों में सरकारी योजनाओं के तहत कई विकास कार्य किए गए हैं. ग्रामीणों को लाह की खेती समेत अन्य रोजगारोन्मुखी गतिविधियों का प्रशिक्षण भी दिया गया है.

आदर्श गांव की ओर बढ़ रहा नेमरा

सरकारी योजनाओं के लगातार क्रियान्वयन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के बाद नेमरा गांव अब आदर्श गांव के रूप में विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ता नजर आ रहा है. शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों और योजनाओं को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा.

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *