Koderma: थाना क्षेत्र के चितरपुर में हुए चर्चित हत्याकांड मामले में मृतक की पत्नी के आवेदन पर 12 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जानकारी के अनुसार, विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी वाहन चालक राजकुमार यादव की जमीन विवाद को लेकर हत्या कर दी गई थी. इस संबंध में मृतक की पत्नी श्वेता देवी ने कोडरमा थाना में मामला दर्ज कराया है.

प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि 3 जून की रात करीब 9:30 बजे आरोपी हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे. विरोध करने पर राजकुमार यादव को घेरकर फरसा, कुदाल, सबल और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई. आवेदन में यह भी कहा गया है कि घटना के दौरान मृतक की नाबालिग बेटी के साथ दुर्व्यवहार का प्रयास किया गया. शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
पांच आरोपी गिरफ्तार, चार हिरासत में
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए गोपाल यादव, गुलबी देवी, भीखन यादव, सचिन यादव और नीरज यादव को गिरफ्तार किया है. वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. सूत्रों के अनुसार, कुछ अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है.
पिता, मां और बेटी भी घायल
घटना में मृतक के पिता दशरथ यादव गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज रिम्स, रांची में चल रहा है. वहीं मृतक की मां सुधा देवी और बेटी सोनिका कुमारी भी घायल हुई हैं. दोनों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया. हत्याकांड के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी पक्ष के घर में आग लगा दी. आगजनी में एक बाइक समेत कई सामान जलकर राख हो गए. घटना की सूचना मिलते ही मुख्यालय डीएसपी, पांच थानों की पुलिस, दमकल और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची.
आग बुझाने के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया, हालांकि पुलिस ने समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया. फिलहाल गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है.
ALSO READ: EXCLUSIVE: झारखंड सहित पूरे देश में 1200 लोगों पर होगी कारवाई, पुलिस ने शुरू की तलाश, डेटलाइन तय
