Ranchi: राजधानी के नामकुम प्रखंड अंतर्गत अमेठिया नगर के निवासियों के लिए राहत की खबर है. जिला परिषद, रांची (अभियंत्रण शाखा) ने क्षेत्र में एक नई पीसीसी सड़क निर्माण की कवायद तेज कर दी है. इसके तहत अमेठिया नगर में ‘S.S. Height’ से ‘OM Residency’ होते हुए देवेंद्र सिंह के घर तक पीसीसी पथ का निर्माण किया जाएगा.

32.33 लाख की अनुमानित लागत तय
मिली जानकारी के अनुसार, जिला अभियंता द्वारा रांची डीसी को इस योजना से संबंधित अनुमानित राशि सौंप दी गई है. मौखिक आदेश के बाद विभागीय अधिकारियों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया, जिसके बाद इस योजना का पूरा खाका तैयार किया गया है.
इस सड़क निर्माण योजना की कुल अनुमानित राशि 32 लाख 33 हजार 400 रुपये तय की गई है. विभाग के सक्षम पदाधिकारी द्वारा इस योजना को तकनीकी स्वीकृति दे दी गई है.
Also Read: CHC राजधनवार में दवाओं का पर्याप्त स्टॉक, स्वास्थ्य सेवाएं हो रहीं सुदृढ़
प्रशासनिक स्वीकृति के बाद शुरू होगा टेंडर
अब जिला परिषद ने उपायुक्त से इस राशि पर जल्द से जल्द प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया है, ताकि टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर निर्माण कार्य को धरातल पर उतारा जा सके.
इस सड़क के निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा होगी और क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था भी बेहतर होगी.
