Giridih: उपायुक्त श्री रामनिवास यादव के निर्देशानुसार जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजधनवार में विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं सामान्य चिकित्सा सेवाओं के लिए आवश्यक दवाओं और चिकित्सा सामग्रियों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध कराया गया है, जिससे मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके.

दवाओं की उपलब्धता
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सीएचसी राजधनवार में बाल स्वास्थ्य, मातृ स्वास्थ्य, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, एनपीसीडीसीएस, आरकेएसके सहित विभिन्न योजनाओं के तहत आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं. इनमें आयरन-फोलिक एसिड, कैल्शियम, पैरासिटामोल, अमोक्सिसिलिन, एजिथ्रोमाइसिन, सिप्रोफ्लॉक्सासिन, एंटी स्नेक वेनम, ऑक्सीटोसिन, हाइड्रोकार्टिसोन, ओन्डैनसेट्रोन तथा अन्य जरूरी दवाएं शामिल हैं.
मातृ एवं किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम में पर्याप्त स्टॉक
मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत कैल्शियम विटामिन डी-3 की 1.23 लाख से अधिक गोलियां, फोलिक एसिड की 3.92 लाख गोलियां तथा आईएफए रेड टैबलेट की 1.86 लाख से अधिक गोलियां उपलब्ध हैं. वहीं किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आयरन एवं फोलिक एसिड ब्लू टैबलेट का भी पर्याप्त स्टॉक रखा गया है.
आवश्यक चिकित्सा सामग्री भी उपलब्ध
इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र में बैंडेज, ग्लव्स, ब्लड लैंसेट, बीपी मशीन, आईवी सेट, यूरिन बैग, थर्मामीटर और वजन मशीन जैसी आवश्यक चिकित्सा सामग्रियां भी उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं.
उपायुक्त का बयान और निर्देश
उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने कहा कि जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी की जा रही है. जिला प्रशासन का उद्देश्य आम लोगों को सरकारी अस्पतालों में सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है. इसके लिए दवा भंडारण, आपूर्ति व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है.
उन्होंने संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि दवाओं की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखें, ताकि किसी भी मरीज को आवश्यक दवाओं के अभाव का सामना न करना पड़े.
