Ranchi: घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी के बाद सियासत गरमा गई है. झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए इसे आम जनता की रसोई पर सीधा हमला बताया है. प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ऋषिकेश सिंह ने कहा कि महंगाई से कराह रही जनता को राहत देने के बजाय मोदी सरकार लगातार नए बोझ थोप रही है. उन्होंने कहा कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में ₹29 और 5 किलोग्राम सिलेंडर में ₹10.50 की वृद्धि ने गृहिणियों की चिंता और बढ़ा दी है. पेट्रोल, डीजल, खाद्य पदार्थ और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है.

यह भी पढ़ें: राज्यसभा का रण: परिमल नथवानी ठोकेंगे ताल, बीजेपी देगी समर्थन, बुलाई गई विधायकों की आपात बैठक
केंद्र सरकार महंगाई पर लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम
ऋषिकेश सिंह ने कहा कि 2014 में करीब ₹410 में मिलने वाला गैस सिलेंडर आज ₹1000 के पार पहुंच गया है. भाजपा ने सत्ता में आने से पहले महंगाई कम करने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज हर घर की रसोई महंगाई की आग में झुलस रही है. कांग्रेस प्रवक्ता ने उज्ज्वला योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सिर्फ गैस कनेक्शन देने से गरीबों का भला नहीं होगा. जब सिलेंडर भरवाना ही महंगा हो जाए तो योजना का लाभ अधूरा रह जाता है. उन्होंने दावा किया कि बढ़ती कीमतों के कारण लाखों गरीब परिवार दोबारा लकड़ी और कोयले के चूल्हे की ओर लौटने को मजबूर हैं. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम रही है. एक तरफ बेरोजगारी बढ़ रही है, दूसरी तरफ आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार आसमान छू रहे हैं. इसका सीधा असर मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों की जेब पर पड़ रहा है.
यह भी पढ़ें: ट्रेनों में सफाई व्यवस्था होगी और मजबूत, अब छह सफाईकर्मी व दो सुपरवाइजर रहेंगे हर ट्रेन में तैनात
