दुमका उड़ान अकादमी में विश्वस्तरीय टेबल लगाने की तैयारी, कंपनियों से प्रस्ताव आमंत्रित

Ranchi: दुमका स्थित सोना सोबरन उड़ान अकादमी में पायलट प्रशिक्षण ले रहे प्रशिक्षुओं को अब पढ़ाई के साथ मनोरंजन और मानसिक संतुलन के लिए नई सुविधा मिलने जा रही है. अकादमी परिसर में इंटरनेशनल स्टैंडर्ड की बिलियर्ड्स टेबल स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है, जिससे प्रशिक्षु प्रशिक्षण के साथ-साथ बिलियर्ड्स खेल सकेंगे. अकादमी प्रशासन ने इसके लिए अधिकृत कंपनियों और आपूर्तिकर्ताओं से प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं.

विश्वस्तरीय बिलियर्ड्स टेबल होगी स्थापित
योजना के तहत 12 फीट × 6 फीट आकार की फुल साइज इंटरनेशनल स्टैंडर्ड बिलियर्ड्स टेबल लगाई जाएगी, जिसमें उच्च गुणवत्ता का स्लेट बेड, मजबूत हार्डवुड फ्रेम और टूर्नामेंट ग्रेड क्लॉथ होगा. साथ ही सभी जरूरी ब्रांडेड एक्सेसरीज भी उपलब्ध कराई जाएंगी.

सीखने के साथ मिलेगा रिलैक्सेशन का मौका
अकादमी का मानना है कि पायलट प्रशिक्षण काफी चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण होता है. ऐसे में बिलियर्ड्स जैसे इंडोर गेम प्रशिक्षुओं को मानसिक रूप से तरोताजा रखने, एकाग्रता बढ़ाने और निर्णय क्षमता मजबूत करने में मदद करेंगे. इससे प्रशिक्षण का समग्र स्तर बेहतर होगा.
संस्थान ने स्पष्ट किया है कि चयनित आपूर्तिकर्ता को आदेश मिलने के सात दिनों के भीतर टेबल की आपूर्ति और इंस्टॉलेशन पूरा करना होगा. इंस्टॉलेशन प्रशिक्षित तकनीशियन द्वारा किया जाएगा और कम से कम एक वर्ष की ऑन-साइट वारंटी देना अनिवार्य होगा.
ALSO READ: झारखंड पुलिस को मिलेगा हाईटेक किट, अब घटनास्थल से नहीं छूटेगा कोई सुराग

