सहायक आचार्यों को जल्द मिलेगा वेतन, शिक्षा विभाग ने जारी किया निर्देश

Ranchi: झारखंड में नवनियुक्त सहायक आचार्यों के लंबित वेतन भुगतान को लेकर स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया...

Ranchi: झारखंड में नवनियुक्त सहायक आचार्यों के लंबित वेतन भुगतान को लेकर स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है. प्राथमिक शिक्षा निदेशक मनोज कुमार रंजन द्वारा सभी जिला शिक्षा अधीक्षकों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि नियुक्ति के बाद भी कई सहायक आचार्यों को वेतन नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

वेतन भुगतान में प्रमाण-पत्र सत्यापन बना बाधा

विभागीय समीक्षा में पाया गया कि वेतन भुगतान में सबसे बड़ी बाधा शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण प्रमाण-पत्रों के सत्यापन में हो रही देरी है. इसे देखते हुए विभाग ने निर्देश दिया है कि जिन नवनियुक्त सहायक आचार्यों के प्रमाण-पत्रों का सत्यापन अभी लंबित है, उन्हें निर्धारित प्रारूप में शपथ-पत्र (एफिडेविट) लेकर वेतन का भुगतान किया जाए.

चार सप्ताह में सत्यापन कार्य पूरा करने का निर्देश

साथ ही जिला स्तर पर प्रमाण-पत्र सत्यापन की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया है. विभाग ने निर्देश दिया है कि आगामी चार सप्ताह के भीतर प्रत्येक हाल में सत्यापन कार्य पूरा किया जाए. यदि निर्धारित अवधि में सत्यापन पूरा नहीं होता है, तो संबंधित सहायक आचार्यों का वेतन स्वतः स्वीकृत माना जाएगा.

शपथ-पत्र लेकर शुरू होगी वेतन भुगतान प्रक्रिया

शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि संबंधित शिक्षकों से अविलंब शपथ-पत्र प्राप्त कर वेतन भुगतान की प्रक्रिया शुरू की जाए. इस प्रस्ताव को स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव की स्वीकृति भी प्राप्त है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *