Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा बाजार में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्थानों पर छापेमारी की. अधीक्षक उत्पाद के निर्देश पर गोईलकेरा थाना पुलिस के साथ संयुक्त टीम का गठन कर देर शाम यह अभियान चलाया गया. छापेमारी के दौरान टीम ने दोनों ठिकानों से 29.600 लीटर विदेशी शराब, 79.400 लीटर बीयर और 1.800 लीटर देशी शराब बरामद की. हालांकि, छापेमारी दल के पहुंचने की भनक लगते ही अवैध शराब कारोबार से जुड़े धंधेबाज अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए.
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी
उत्पाद विभाग ने इस मामले में संबंधित आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभाग द्वारा लगातार छापेमारी और खुफिया सूचना जुटाने का कार्य किया जा रहा है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : चाईबासा: सरेंडर कर चुके नक्सलियों के पुनर्वास को लेकर बैठक, DC-SP ने कहा- सरकारी योजनाओं का दें लाभ
