Bokaro : जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात 1400 से अधिक होमगार्ड जवानों को तीन माह से वेतन नहीं मिला है. इसके कारण होमगार्ड जवानों को परिवार का भरण-पोषण करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. बच्चों की पढ़ाई पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. लोन ले चुके जवानों के यहां इएमआई की रकम को बैंक का दबाव बढ़ रहा हैं. जवानों ने कमांडेंट से वेतन भुगतान करने की गुहार लगायी है. जवानों ने कहा कि दुकान वाले राशन व अन्य सामग्री देने में भी कन्नी काटने लगे हैं. लोग कर्ज देने में भी कतराने लगे हैं. वेतन नहीं मिलने से आर्थिक के साथ-साथ मानसिक परेशानी से भी गुजर रहे हैं. आर्थिक संकट के कारण कई जवानों ने परिवार को गांव भेज दिया है.
राशि आवंटन के लिए मुख्यालय को भेजा गया है पत्र
जिला कमांडेंट (होमगार्ड) किरण कुमारी ने कहा कि मुख्यालय को राशि आवंटन के लिए पत्र भेजा है. निजी तौर पर जवानों की समस्याओं से भी अवगत कराया है. आशा है कि एक सप्ताह में बकाया राशि का भुगतान हो जायेगा. कुछ तकनीकी कारणों से वेतन रूका हुआ था.

Also Read : सरायकेला : ईचागढ़ के कालीचमदा में हाथियों ने दर्जन घर तोड़े, वन विभाग ने बांटे लाइट-पटाखे
