उपमुखिया संजय बोयपाई हत्याकांड: मुख्य आरोपी के परिवार का ग्रामीणों ने किया सामाजिक बहिष्कार

गुड़गांव में हुई ग्रामीणों की बैठक, सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय, सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल नहीं किए जाएंगे आरोपी परिवार के सदस्य...

  • गुड़गांव में हुई ग्रामीणों की बैठक, सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय, सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल नहीं किए जाएंगे आरोपी परिवार के सदस्य

Chaibasa: चक्रधरपुर प्रखंड के गुलकेड़ा पंचायत अंतर्गत गुईगांव गांव में सोमवार को ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष शामिल हुए. ग्रामसभा में उपमुखिया संजय बोयपाई हत्याकांड को लेकर गहरा आक्रोश देखने को मिला. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि हत्याकांड के मुख्य आरोपी एवं कथित साजिशकर्ता बीजू चौधरी के परिवार का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा. ग्रामीणों ने तय किया कि गांव में आयोजित किसी भी सामाजिक, धार्मिक अथवा सामूहिक कार्यक्रम में आरोपी परिवार को आमंत्रित नहीं किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: चतरा: टंडवा में ट्रांसपोर्टिंग रोड के समर्थन में उमड़ा रैयतों का सैलाब, झामुमो नेता बोले- विरोध करने वाले दलाल सुधर जाएं

आरोपी परिवार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन

ग्रामीणों ने यह भी निर्णय लिया कि यदि गांव का कोई व्यक्ति आरोपी परिवार के साथ सामाजिक संबंध रखता है अथवा उन्हें पारिवारिक कार्यक्रमों में आमंत्रित करता है, तो उसके खिलाफ भी ग्रामसभा में कार्रवाई की जाएगी. बैठक के दौरान ग्रामीणों ने आरोपी परिवार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी भी की.

सामाजिक बहिष्कार के फैसले का समर्थन

बैठक में उपमुखिया की धर्मपत्नी मरियम बोयपाई, पुत्र आकाश बोयपाई, मनोज बोयपाई, शिबू बोयपाई, सालुका बोयपाई, रामराई बोयपाई, विजय सिंह बोयपाई, नारान बानसिंह, मदन कांडियांग, रंजन बोयपाई, बानुम सिंह जारिका, महेंद्र जारिका, हरि सिंह जारिका, मांगु बोयपाई, सदन पुरती, मंगल सिंह बोयपाई, कांडे बानसिंह, राकेश बोयपाई, लक्ष्मण बोयपाई, सोमय चाकी, डोरसोना बोयपाई समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे. सभी ने एक स्वर में सामाजिक बहिष्कार के फैसले का समर्थन किया.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, पहली जून की रात करीब 12:10 बजे गुड़गांव निवासी उपमुखिया संजय बोयपाई अपने घर के आंगन में सो रहे थे. इसी दौरान अपराधियों ने उनकी कनपटी में गोली मारकर हत्या कर दी थी. पुलिस जांच में गांव के निवासी बीजू चौधरी का नाम मुख्य आरोपी और साजिशकर्ता के रूप में सामने आया. बताया जा रहा है कि संजय बोयपाई और बीजू चौधरी के बीच कई वर्षों से जमीन विवाद चल रहा था. इसी रंजिश में हत्या की साजिश रची गई. आरोप है कि बीजू चौधरी ने सुपारी देकर हत्या कराई. मामले में टोकलो थाना क्षेत्र के गाजीडीह उंचीबीता गांव निवासी सुरेश सोय, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोटसोना तोडांगसाई निवासी कप्तान होनहागा, चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के हिजिया बांदासाई निवासी गुने हिंदू अंगरिया उर्फ मोटा तथा कराईकेला थाना क्षेत्र के बुधु बोदरा का नाम भी सामने आया है.

यह भी पढ़ें: जमशेदपुर: तुरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट में कथित ‘दलाली प्रथा’ के खिलाफ झामुमो नेता बाघराय मार्डी का आंदोलन लाया रंग, त्रिपक्षीय बैठक में कई अहम फैसले

गांव में तनाव, न्याय की मांग तेज

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द न्याय दिलाने की मांग की है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *