Saraikela: डीसी नीतीश कुमार सिंह ने ईचागढ़ प्रखंड का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निर्वाचन, समाज कल्याण, कृषि, पशुपालन, जेएसएलपीएस सहित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर कार्यालय संचालन व्यवस्था, उपस्थिति पंजी, अभिलेखों एवं पंजीयों के संधारण की समीक्षा की. उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहकर सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं जिम्मेदारीपूर्वक निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं एवं आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया जाए तथा कार्यालय आने वाले लोगों के साथ सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार रखा जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े. उपायुक्त ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं से आच्छादित करने पर विशेष बल दिया. उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी योग्य लाभुक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे. साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सामाजिक संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए.
यह भी पढ़ें: शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में युवक गिरफ्तार

निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का भी निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान सर्वेक्षण एवं जनगणना कार्यों में संलग्न कर्मियों को पूरी तत्परता, सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया. इसके अतिरिक्त कार्यालयों में अभिलेखों एवं पंजीयों का सुव्यवस्थित संधारण, आवश्यक अभिलेखों का अद्यतन रख-रखाव तथा कार्यालयीन कार्यों में नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने संबंधी निर्देश भी दिए गए. निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने प्रखंड परिसर स्थित निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन का भी निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य स्वीकृत प्राक्कलन एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपादित किया जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए. उन्होंने नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने, कार्य में अपेक्षित गति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा लापरवाही से बचने के निर्देश दिए.
यह भी पढ़ें: परिसीमन को लेकर हो समाज में चिंता, चाईबासा में बुद्धिजीवियों की बैठक में प्रतिनिधित्व घटने का विरोध

कार्यालय परिसर में साफ-सफाई पर जोर
उपायुक्त ने कार्यालय परिसर एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई, स्वच्छता एवं रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण में सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. अंत में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि नियमित क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की जमीनी प्रगति की समीक्षा करें तथा जनसमस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दें. साथ ही समयबद्ध सेवा प्रदायगी, प्रभावी जनसुनवाई एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन सुनिश्चित करते हुए जिले के विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु विशेष प्रयास करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र लाभुक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे. इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी एकता वर्मा, अंचल अधिकारी दीपक प्रसाद उपस्थित रहे.
