Hazaribagh: बरही अनुमंडल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया. बरही विधायक मनोज यादव ने अस्पताल परिसर में स्थापित BPHU (ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट) का फीता काटकर उद्घाटन किया. यूनिट के शुरू होने से अब अस्पताल में मरीजों को 60 प्रकार की जांच निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी. उद्घाटन के अवसर पर विधायक मनोज यादव ने कहा कि इस यूनिट की स्थापना के लिए उन्होंने विधानसभा में भी सवाल उठाया था और लगातार प्रयासों के बाद यह सुविधा बरही को मिल सकी है. उन्होंने कहा कि अब बरही सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को जांच के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी. सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. अस्पताल में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार से लोगों को गुणवत्तापूर्ण इलाज का लाभ मिलेगा.
यह भी पढ़ें: चाईबासा: रिश्तों पर लगा दाग, छठीहार में आया जीजा नवजात समेत भाभी को लेकर फरार

अब मरीजों को होगी काफी सुविधा
विधायक ने अस्पताल प्रबंधन से मरीजों को बेहतर और संवेदनशील सेवा प्रदान करने का भी आग्रह किया. अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. प्रकाश ज्ञानी ने बताया कि बीपीएचयू यूनिट के चालू होने के बाद विभिन्न प्रकार की पैथोलॉजिकल और अन्य आवश्यक जांचें अब अस्पताल में ही निःशुल्क उपलब्ध होंगी. पहले कई जांचों के लिए मरीजों को निजी लैब या दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब अधिकांश जांचें स्थानीय स्तर पर ही हो सकेंगी. इससे मरीजों का समय और खर्च दोनों बचेगा. उद्घाटन कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष किशुन यादव, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, जिला परिषद सदस्य प्रीति कुमारी, डॉ. प्रकाश ज्ञानी, सांसद प्रतिनिधि रंजीत चंद्रवंशी, सुरेंद्र रजक, भगवान केसरी विजय यादव, नागेश्वर रजक, मुखिया शमशेर आलम, राजकुमार केशरी, अभिषेक निषाद, राजकुमार यादव, दिनेश साव, उप मुखिया मनोज उपाध्याय, विपिन सिन्हा, संतोष निषाद सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, अस्पतालकर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: तीन मासूम बेटियों की हत्या से दहला तुरुकडीहा, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
