Jamtara: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय टेलीकॉम समिति (डीटीसी) की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में स्थापित संचार मीनारों, नए टावरों के लिए प्राप्त आवेदनों तथा नेटवर्क व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई.
तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पूर्व में डीम्ड स्वीकृत सभी आवेदनों का पुनः सत्यापन कराया जाए तथा नए आवेदन विभागीय नियमों के अनुरूप जांच के बाद ही स्वीकृत किए जाएं. उन्होंने कहा कि किसी भी आवेदन को बिना जांच के डीम्ड स्वीकृति नहीं दी जाए. बैठक में जिले के शेडो एरिया एवं खराब नेटवर्क वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने विभिन्न टेलीकॉम कंपनियों की खराब नेटवर्क गुणवत्ता और स्लो इंटरनेट सेवा पर नाराजगी जाहिर करते हुए तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा.

सरकारी कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खराब नेटवर्क से आम लोगों के साथ-साथ सरकारी कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं. सरकार की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए मजबूत नेटवर्क व्यवस्था जरूरी है. साथ ही टावर अधिष्ठापन में सुरक्षा एवं स्वास्थ्य मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए. बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, डीपीओ यूआईडीएआई राजीव कुमार, सहायक अभियंता एवं विभिन्न टेलीकॉम कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद थे.
AlsoRead:NTPC, केरेडारी में ‘सालार’ जैसा खौफ: जिसके पास ‘SGP’ का स्टीकर, कोल ब्लॉक में उसी का चलेगा हाइवा!
